भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि क्षेत्रीय राजनीतिक दलों में विचारधारा किनारे और परिवार सामने आ गए हैं जबकि प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस भी अब ना तो राष्ट्रीय, ना ही भारतीय और ना ही प्रजातांत्रिक रह गई है। मुंबई स्थित थिंक टैंक रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी (आरएमपी) के तत्वाधान में आयोजित इस संगोष्ठी में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, केंद्रीय मंत्री व जनता दल यूनाईटेड के आरसीपी सिंह, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के एम थंबी दुरई और भाजपा के राज्यसभा सदस्य विनय सहस्रबुद्धे सहित कई नेता उपस्थित थे।
संगोष्ठी का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में नड्डा ने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी), नेशनल कॉन्फ्रेंस, शिरोमणि अकाली दल, इंडियन नेशनल लोक दल, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), बीजू जनता दल (बीजद), वाईएसआर कांग्रेस, तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और शिव सेना सहित विभिन्न राजनीतिक दलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये क्षेत्रीय पार्टियां अब परिवारवादी पार्टियों में बदल गई हैं।
नड्डा ने टीएमसी को ‘दीदी- भतीजे की पार्टी’’ बताया और कहा कि झारखंड में बाबू जी के बुजुर्ग होने के बाद बेटे (झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन) ने पार्टी संभाल ली है। नड्डा ने कहा कि जो परिवारिक पार्टियां हैं, उनका उद्देश्य सिर्फ सत्ता पाना होता है। इनकी कोई विचारधारा नहीं है। इनके कार्यक्रम भी लक्ष्यविहीन होते हैं।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा कि कांग्रेस भी अब ना तो राष्ट्रीय रह गई है, ना भारतीय और न ही प्रजातांत्रिक रह गई है, ये भी भाई-बहन की पार्टी बनकर रह गई है।भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्रीय पार्टियों का लक्ष्य किसी भी तरह से सत्ता में आना होता है और इसके लिए वे ध्रुवीकरण से भी गुरेज नहीं करते, वह चाहे जाति के आधार पर हो या धर्म के आधार पर हो।
नड्डा ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय पार्टियों में धीरे-धीरे कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है और अब उन क्षेत्रीय पार्टियों में विचारधारा किनारे हो गई है तथा परिवार आगे आ गए हैं।