मोदी सरकार की चौथी वर्षगांठ के पूर्व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दावा किया है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीति का चाल, चरित्र और चेहरा बदल दिया है। उन्होंने कहा कि अपने कुशल नेतृत्व के जरिए पीएम ने बता दिया है कि गांव और शहर, कृषि और उद्योग का विकास साथ साथ कैसे किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि आजादी के यह पहली सरकार है जिसने गरीबों, किसानों का जीवन स्तर सुधारने के लिए धरातल पर काम किया है।
राजधानी के होटल अशोक में आयोजित एक कार्यक्रम में रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक प्रस्तुति के जरिए मोदी सरकार के चार साल के कामकाज की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने अपनी योजनाओं के जरिए गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहे 22 करोड़ परिवारों को उज्जवला, मुफ्त बिजली, जनधन योजना, किसानों को नीम कोटेट यूरिया का तोहफा दिया।
उन्होंने बताया कि कैसे नौकरशाही का लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने में बेहतर उपयोग हो सकता है। शाह ने कहा कि इससे पहले लोगों को भरोसा नहीं था कि गठबंधन सरकारें किस तरह गरीबपरक नीतियां तैयार कर सकती हैं। मगर मोदी सरकार ने ऐसा कर दिखाया।
साफ नीयत सही विकास का नारा
पार्टी ने अगले विधानसभा चुनाव के लिए -साफ नीयत सही विकास, साल 2019 में फिर से एक बार मोदी सरकार- का नारा दिया है। शाह ने कहा कि चार साल के कार्यकाल में गांव-गरीब-किसान-युवा के अलावा चिकित्सा, स्वछता और गृह निर्माण क्षेत्र में मोदी सरकार ने मील का पत्थर स्थापित किया है।