पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ‘परिवर्तन यात्रा’ के दौरान विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिल रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने जनसभाओं को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला और दावा किया कि आगामी चुनाव में राज्य में सत्ता परिवर्तन तय है।
सिलीगुड़ी में आयोजित सभा में विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार ने कई योजनाओं में ‘कट मनी’ वसूली और धन के दुरुपयोग को बढ़ावा दिया। अधिकारी ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और
अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, युवाओं को सरकारी नौकरियों में आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट देने और आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवरेज देने का भी वादा किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि परिवर्तन यात्रा का उद्देश्य पश्चिम बंगाल में वास्तविक बदलाव लाना और राज्य में विकास, सुरक्षा तथा सुशासन सुनिश्चित करना है।