कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की ओर से गौरक्षा के लिए यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। 24 घंटों तक चलने वाले यज्ञ के जरिए राज्य में गौरक्षा के लिए मुहिम चलाई जा रही है। इस यज्ञ का नाम 'गौरक्षा अष्टयमा यज्ञ' रखा गया है और इसकी तैयारियां पूरी हो चुकी है।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की ओर से जिम्मेदारी संभालने वाले बीएस येदियुरप्पा और दक्षिणी बंगलूरू से सांसद अनंत कुमार भी यज्ञ में मौजूद रहेंगे। कुछ हफ्ते पहले बीजेपी की ओर से गौमाता कैंपेन शुरू किया गया था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसी संदर्भ में रैली भी की थी।
इससे पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बीफ पर विवादित बयान दिया था, जिसके बाद से बीजेपी लगातार उन्हें निशाने पर लिए हुए है। इस यज्ञ के दौरान अखंड रामायण का पाठ किया जाएगा साथ ही डांस प्रफोंमेंस का इंतजाम भी किया गया है।
गौरक्षा की मुहीम से जुड़े कार्यकर्ता सिद्धार्थ गोयनका ने कहा कि वे गौरक्षा के लिए काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि बंगलूरू में गौहत्या की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं।
बीजेपी की इस कोशिश पर कांग्रेस की ओर से बयान आया है। कांग्रेस का कहना है बीजेपी शिक्षा, पर्यावरण, युवा व अन्य मुद्दों पर बदलाव की कोशिश को दरकिनार कर रही है। बीजेपी ने कर्नाटक के इन मुद्दों पर कभी बात नहीं की है, इतना ही नहीं उनकी परिवर्तन यात्रा में भी इन गंभीर मुद्दों का जिक्र नहीं किया गया।