नितिन नवीन, राष्ट्रीय अध्यक्ष, भाजपा
- फोटो : X-@BJPLive
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंचे। नवीन ने पन्ना प्रमुख सम्मेलन में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उनका यह दौरा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच हो रहा है। नितिन नवीन ने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, कांग्रेस ने असम का इस्तेमाल वोट बैंक की राजनीति के लिए किया, राज्य चलाने के लिए उनके पास कोई नीति, इरादा, काबिलियत नहीं थी।
बूथ स्तर पर मजबूती से काम करें
डिब्रूगढ़ में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि कांग्रेस के राज में कश्मीर में पाक का झंडा लहराता था; मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद परिदृश्य बदल गया। मैं असम चुनाव में साधारण जीत से खुश नहीं होऊंगा, मैं आपको हर बूथ पर 50 फीसदी वोट लाने का लक्ष्य देता हूं। कांग्रेस बेचैन है क्योंकि भाजपा ने बांग्लादेशी घुसपैठियों को देश से बाहर निकालकर असमिया लोगों के अधिकारों की रक्षा कर रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बूथ स्तर पर मजबूती से काम करें, ताकि कांग्रेस की राजनीतिक जमीन पूरी तरह खिसक जाए। असम की 126 विधानसभा सीटों पर मार्च-अप्रैल में चुनाव होने की संभावना है। वर्तमान में विधानसभा में भाजपा के 64 विधायक हैं, जबकि उसके सहयोगी दलों के साथ मिलकर सत्ता पक्ष मजबूत स्थिति में है।
बांग्लादेशी घुसपैठियों के मुद्दे पर भी बोले नितिन नवीन
बांग्लादेशी घुसपैठियों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि असम के लोगों के अधिकारों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अवैध घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई का असर अन्य राज्यों में भी दिखाई दे रहा है। नवीन ने दावा किया कि भाजपा सरकार के आने के बाद पूर्वोत्तर में विकास और शांति का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि पहले यह क्षेत्र संघर्षों के लिए जाना जाता था, लेकिन अब असम अवसरों की धरती बन चुका है।
अपने छात्र जीवन को याद करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय असम के छात्र अशांति के कारण दिल्ली का रुख करते थे, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह बदलाव जनता के समर्थन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है।