भाजपा सांसद रूपा गांगुली के बेटे आकाश मुखर्जी ने गुरुवार रात दक्षिण कोलकाता के एक क्लब की दीवार में अपनी कार से टक्कर मार दी। घटना के दौरान वह कथित रूप से नशे की हालत में वाहन चला रहे थे। इस दौरान कई लोग बाल-बाल बच गए। इस घटना के बाद आकाश को जाधवपुर पुलिस थाने ले जाया गया, पूछताछ की जा रही थी। इस घटना की जानकारी मिलते ही सांसद गांगुली हरकत में आ गईं। उन्होंने ट्वीट कर खुद पुलिस को जानकारी देने की बात कही।
बेटे के हादसे का शिकार होने की बात पता चलते ही भाजपा सांसद रूपा गांगुली ने तुरंत एक ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा- मेरा बेटा मेरे आवास के पास दुर्घटना का शिकार हो गया। मैंने पुलिस को फोन किया ताकि वह इसके कानूनी पहलुओं को देखे... कृपया कोई पक्ष नहीं लिया जाए/कोई राजनीति न की जाए। मैं अपने बेटे से प्यार करती हूं और उसका ध्यान रखूंगी लेकिन कानून को अपना काम करना चाहिए।
इसके ठीक नीचे एक और बात लिखते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग भी किया, लिखा- न मैं गलत करती हूं, न गलत सहती हूं। मैं बिकाऊ नहीं हूं।
हालांकि इसके ठीक आधे घंटे बाद सांसद गांगुली ने अपने पहले ट्वीट को जोड़ते हुए एक और ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने लिखा- कितना मजाकिया है... मैंने उससे (बेटे से) दोपहर में करीब 3 बजे ही बात की थी... लंच और दूसरी जरूरी चीजों के बारे में हमने बात की... अब मीडिया से मुझे कुछ भद्दी टिप्पणियां सुनने को मिल रही हैं। इस ट्वीट में उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आकाश कोलकाता के पॉश इलाके गोल्फ गार्डन क्षेत्र में गुरुवार रात अपनी कार मोड़ रहे थे तभी कार क्लब की दीवार से जाकर टकरा गई।
वहीं स्थानीय लोगों ने दावा किया कि इस दौरान कई लोग बाल-बाल बचे, क्योंकि कार की गति बहुत ज्यादा तेज थी। कार का एक हिस्सा तो पूरी तरह से टूट गया और चालक उसमें फंस गया। रिपोर्ट्स के अनुसार हादसे की सूचना पर पास ही के अपार्टमेंट में रहने वाले आकाश के पिता तुरंत मौके पर पहुंचे और बेटे को कार से बाहर निकालने में मदद की।