सूट-बूट और कॉरपोरेट सरकार का आरोप झेल रही मोदी सरकार के अपनी ही पार्टी के सांसद ने केंद्र सरकार की किरकिरी कराई है। बिहार के बेगूसराय से भाजपा सांसद भोला सिंह ने केंद्र सरकार पर रिलायंस के लिए काम करने का आरोप लगाया।
सोमवार को लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान सिंह ने कहा कि रिलायंस को लेकर मोदी सरकार की नीति भी वही है, जो पिछली यूपीए सरकार की थी। उन्होंने कहा कि यह संसद सालों से गवाह है कि रिलायंस को लेकर सरकारों की नीति नहीं बदली है।
हालांकि, भोला सिंह के सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र प्रधान ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के बारे में तो सबको पता है लेकिन वर्तमान सरकार ने कामकाज को पारदर्शी बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने नेल्प प्रक्रिया में सरकार की पारदर्शी कदम का उदाहरण भी रखा।