भाजपा सांसद डी अरविंद ने मंगलवार को कहा कि निजामाबाद का नाम 'अशुभ' है और इसका नाम बदल कर इंदूर किया जाना चाहिए जो इसका पुराना नाम था।
अप्रैल में हुए आम चुनाव में अरविंद ने मुख्यंत्री के चंद्रशेखर राव की पुत्री और टीआरएस उम्मीदवार कविता को पराजित किया था।
भाजपा नेता ने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोग भी नाम में परिवर्तन चाहते हैं।
सांसद ने पीटीआई से कहा कि इसकी आवश्यकता है क्योंकि यह शहर और जिला दोनों रूप में सभी पहलुओं से अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहा है। इसका नाम हैदराबाद के पूर्व शासक "निजाम" के नाम पर रखा गया था। उन्होंने एक दिन पहले भी एक कार्यक्रम में यह मांग की थी।
उन्होंने कहा कि यह नाम (निजामाबाद) बहुत अशुभ हो गया है और उन्होंने लोगों की भावना व्यक्त की है। इंदूर का नाम हिंदुस्तान से संबंधित है और यह "इंडिया" की तरह 'इंड' से शुरू होता है। यह एक शुभ और राष्ट्रवादी नाम है।
जिले की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, यहां से लगभग 175 किलोमीटर दूर निजामाबाद (निजाम-ए-आबादी) का नाम हैदराबाद के निजाम आसफ जही पर आधारित है जिन्होंने 18 वीं शताब्दी में दक्कन पर शासन किया था।
जिले का मूल नाम इंदूर था जो राजा इंद्रदत्त के नाम पर था जिन्होंने पांचवीं शताब्दी में इस क्षेत्र पर शासन किया था।