भाजपा सांसद अरविंद धर्मपुरी (फाइल फोटो)
- फोटो : Facebook
तेलंगाना के निजामाबाद से भाजपा सांसद अरविंद धर्मपुरी ने ऑल इंडिया मजसिल-ए-इत्तेहादुल मोमिनीन (एआईएमआईएम) के मुखिया और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी को नौंटकी वाला बताया है। इतना ही नहीं उन्होंने ओवैसी को मुस्लिम वोटों का दलाल तक कहा।
धर्मपुरी ने ओवैसी को उल्टा लटकाने वाले बयान पर कहा, 'तुम (असदुद्दीन ओवैसी) नौटंकी वाले की तरह दिखते हैं इसलिए तुम्हें उलटा लटकाया जाएगा। जैसा कि नौटंकी वाले सर्कस में करते हैं। तुम मुस्लिम वोटों के दलाल हो। पहले इस जोड़-तोड़ के लिए कांग्रेस तुम्हे पैसे देती थी और अब टीआरएस देती है।'
हालांकि यह पहली बार नहीं है जब भाजपा सांसद ने ओवैसी को लेकर इस तरह का बयान दिया हो। इससे पहले उन्होंने हैदराबाद के सांसद के खिलाफ और उनकी दाढ़ी को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि ओवैसी को याद रखना चाहिए कि निजामबाद भाजपा का है। नौ साल पहले तुम्हारे भाई अकबरुद्दीन को उनके ही जानने वाले ने कई बार चाकुओं से हमला करने के साथ ही गोली भी मारी थी। आज नौ साल बाद भी अकबरुद्दीन इलाज करवा रहा है।
इससे पहले 27 दिसंबर को धर्मपुरी ने ओवैसी के नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को सांप्रदायिक और असंवैधानिक करार देने पर पूछा था कि क्या वह पाकिस्तान और बांग्लादेश के लिए लड़ना चाहते हैं। धर्मपुरी ने कहा था, 'ओवैसी कहता है कि सीएए सांप्रदायिक और असंवैधानिक है। ऐसे में वह एक सार्वजनिक सभा को संबोधित नहीं कर सकते क्योंकि तेलंगाना नगरपालिका चुनावों से पहले निजामाबाद में आचार संहिता लागू है। मैंने जिला कलेक्टर, चुनाव आयोग और पुलिस को पत्र लिखा है।'