महाराष्ट्र में भाजपा के एमएलसी प्रसाद लाड ने दावा किया है कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्म कोंकण क्षेत्र में हुआ था। भाजपा नेता के इस बयान से राज्य में नया विवाद खड़ा हो गया है। लाड की आलोचना करते हुए शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत ने सवाल किया कि क्या भाजपा ने ऐतिहासिक शोध के लिए नई परिषद का गठन किया है।
मीडिया से बात करते हुए राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा कि सच्चाई यह है कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्म पश्चिमी महाराष्ट्र के पुणे जिले के शिवनेरी में हुआ था और कोंकण क्षेत्र के रायगड में उनका निधन हुआ था।
भाजपा नेता ने मांगी माफी
शिवाजी महाराज पर टिप्पणी को लेकर आलोचना झेल रहे लाड ने रविवार को ट्विटर हैंडल पर वीडियो संदेश साझा कर माफी मांगी। वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि अगर उनके के बयान से किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं। उन्होंने कहा कि कोंकण छत्रपति शिवाजी महाराज की कर्मभूमि थी। लाड ने कहा कि कोंकण में 'स्वराज्य' के बीज बोए गए थे, इसे कोई भूल नहीं सकता है।
भाजपा नेता ने कहा कि उन्होंने अनजाने में कुछ और बोल दिया था और फौरन अपनी गलती सुधार ली। साथ ही लाड ने इस मुद्दे पर राजनीति करने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की आलोचना की। दरअसल, एनसीपी ने लाड के उस वीडियो को ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने 17वीं शताब्दी के मराठा योद्धा शिवाजी महाराज के जन्मस्थान पर टिप्पणी की थी। एनसीपी ने कहा था कि भाजपा को इतिहास के बारे में दूसरों को उपदेश देने के बजाय अपने विधायकों को पढ़ाना चाहिए।