उज्जैन के सिंहस्थ महाकुंभ में दलित परिवार के साथ शिप्रा नदी में स्नान कर सुर्खियां बटोरने वाले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह अब कुछ दलित परिवारों के साथ भोजन करेंगे। शाह मंगलवार को सेवापुरी विधानसभा के जोगियापुर गांव में गिरिजा प्रसाद बिंद के यहां दोपहर का भोजन करेंगे, जिसमें गांव के कई दलित परिवारों के सदस्य शामिल होंगे। गिरिजा प्रसाद का परिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुरीद है और दो साल पहले ही भाजपा से जुड़ा है।
मालूम हो कि शाह को पकवान नहीं बल्कि थाली में सादा खाना यानी चावल, दाल, कढ़ी, रोटी, करैले की सब्जी और सलाद परोसा जाएगा। घर के मुखिया गिरिजा प्रसाद और उनके भाई इकबाल नारायण और जगनारायण के साथ शाह भोजन करेंगे। खाना घर की महिलाएं तैयार करेंगी। गिरिजा प्रसाद के बेटे सूरज बिंद ने बताया कि उनका पूरा परिवार पहले अपना दल में था मगर दो साल पहले लोकसभा चुनाव के दौरान वे लोग नरेंद्र मोदी से प्रभावित होकर भाजपा से जुड़ गए। बताया कि उनके परिवार की आमदनी का मुख्य जरिया मुर्गी पालन है।
भाजपा अध्यक्ष के स्वागत की तैयारी में पूरे गांव के लोग जुट गए हैं। दलित परिवार के घर भाजपा अध्यक्ष के आने की खबर फैलते ही भाजपा के स्थानीय नेताओं का जोगियापुर में जमावड़ा शुरू हो गया। सोमवार की शाम भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य भी गिरिजा प्रसाद के घर पहुंचे और वहां चल रही तैयारियों की जानकारी ली। भाजपा अध्यक्ष मंगलवार की सुबह दिल्ली से चलकर बाबतपुर हवाई अड्डे पहुंचेंगे और यहां से सड़क मार्ग से इलाहाबाद के लिए रवाना होंगे। इस दौरान रास्ते में पड़ने वाले जोगियापुर गांव में गिरिजा प्रसाद के घर रुकेंगे।