हिमंत बिस्व सरमा ने राज्यापल लक्ष्मण को सौंपा अपना इस्तीफा
- फोटो : ANI
असम में भाजपा नीत एनडीए सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता संभालने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को आयोजित किया जा सकता है। विधानसभा चुनाव में गठबंधन की निर्णायक जीत के बाद सरकार गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, 10 मई सुबह 10 बजे गुवाहाटी में एनडीए विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें गठबंधन विधायक औपचारिक रूप से अपने नेता का चुनाव करेंगे। इसके मद्देनजर सभी विजयी एनडीए उम्मीदवारों को 9 मई तक गुवाहाटी पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
10 मई को पेश करेंगे सरकार बनाने का दावा
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के भी 9 मई को असम पहुंचने की संभावना है। दोनों नेता सरकार गठन से जुड़ी बैठकों और कार्यक्रमों में हिस्सा ले सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि विधायक दल की बैठक के बाद एनडीए प्रतिनिधिमंडल 10 मई की शाम राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आर्य के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश कर सकता है।
हाल ही में संपन्न असम विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व वाले गठबंधन ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। इसके साथ ही मौजूदा मुख्यमंत्री हिमंत सरमा के एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। इससे पहले बुधवार को हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव परिणामों की अधिसूचना जारी किए जाने के बाद लोकतांत्रिक परंपरा के तहत मंत्रिपरिषद का इस्तीफा दिया गया है।
सरमा ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के साथ मौजूदा विधानसभा को भंग करने की सिफारिश भी की, जिसे राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया। साथ ही नई सरकार के गठन तक मौजूदा सरकार को कार्यवाहक सरकार के रूप में काम जारी रखने को कहा गया है।