राष्ट्रवाद का झंडा लहराने वाली बीजेपी के एक नेता ने न्यूज चैनल पर गलत वंदे मातरम गाया। बीजेपी नेता का यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पार्टी के प्रवक्ता नवीन कुमार सिंह ने जी सलाम चैनल पर राष्ट्र गीत गाया। जिसके बाद लगातार उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है।
दो मिनट का ये वीडियो क्लिप यूट्यूब, फेसबुक और ट्विटर पर 25 अक्तूबर से लगातार वायरल हो रहा है। दरअसल, एक लाइव कार्यक्रम के दौरान एआईएमपीएलबी के प्रवक्ता एजाज अरशद कासमी ने नवीन कुमार सिंह को चुनौती देते हुए राष्ट्रगीत सुनाने के लिए कहा।
पढ़ें: गुजरात चुनावः जुड़ नहीं रही कांग्रेस के लिए तिकड़ी की अगली कड़ी
प्रारंभिक बहस के दौरान सिंह लगातार अपने फोन पर कुछ कर रहे थे। जिसके बाद उन्होंने राष्ट्रगीत की कुछ पंक्तियां गानी शुरू की। इस बीच न्यूज एंकर ने हस्तक्षेप किया और कहा कि चैनल इस प्रक्रिया के लिए जिम्मेदार नहीं होगा।
जिसके बाद सिंह ने गलत राष्ट्रगीत गाया। यह दूसरा मौका है जब बीजेपी के किसी नेता ने गलत राष्ट्रगीत गाया है। इससे पहले अगस्त में बीजेपी नेता बलदेव सिंह औलख भी एक न्यूज चैनल पर राष्ट्रगीत गाने में असमर्थ रहे थे।