भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ से मुलाकात की। भाजपा नेताओं ने एक सप्ताह पहले उत्तर 24 परगना जिले में पार्टी के नेता मनीष शुक्ला की हत्या मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की।
धनखड़ ने एक ट्वीट कर कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने मामले की जांच कर रहे राज्य के आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) पर भाजपा में राजनीतिक विरोधियों को झूठा फंसाने के लिए जांच को गलत दिशा में ले जाने का आरोप लगाया है।
बैरकपुर के भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के करीबी सहयोगी शुक्ला की चार अक्तूबर को टीटागढ़ में पार्टी के कार्यालय के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सीआईडी ने अब तक हत्या के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
भाजपा नेता जयप्रकाश मजूमदार और सब्यसाची दत्ता सहित प्रतिनिधिमंडल के अन्य नेताओं ने राजभवन में राज्यपाल को एक पत्र सौंपकर मामले की सीबीआई जांच की मांग की। भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने शनिवार को सीआईडी पर मनीष शुक्ला हत्याकांड में उन्हें फंसाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
इस मामले की सीबीआई जांच के अनुरोध को लेकर कलकत्ता उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका भी दाखिल की गई है।