भाजपा नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का 67 वर्ष की उम्र में मंगलवार रात निधन हो गया। शाम को उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। स्वराज पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रही थीं। भाजपा नेता नितिन गडकरी और हर्षवर्धन एम्स पहुंचे थे। आइए जानते हैं स्वराज के राजनीतिक सफर के बारे में...
सुषमा स्वराज का जन्म 14 फरवरी 1952 को हरियाणा के अंबाला में हुआ था। उन्होंने अंबाला छावनी के एसडी कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद पंजाब विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री ली। वह भाषण और वाद—विवाद में हमेशा से आगे रहीं। उन्होंने ऐसी कई प्रतियोगिताओं में पुरस्कार भी हासिल किए।
सर्वोच्च न्यायालय के वकील से विवाह
अंबाला छावनी में हरदेव शर्मा और लक्ष्मी देवी के घर जन्मीं सुषमा का विवाह 13 जुलाई 1975 को भारत के सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ वकील स्वराज कौशल से हुआ। उनकी एक बेटी बांसुरी है, जो लंदन के इनर टेंपल में वकालत कर रही हैं।