लोकसभा में मंगलवार को कांग्रेस सांसद अधीर रंजन के बयान को लेकर एक बार फिर हंगामा हुआ। अधीर रंजन ने पहले पीएम मोदी को घुसपैठिया और फिर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को निर्बला कहा था। वित्त मंत्री पर की गई टिप्पणी पर भाजपा सांसद पूनम महाजन ने मंगलवार को मोर्चा संभाला। उन्होंने अधीर रंजन को कड़े शब्दों में कहा कि निर्बल तो आप (अधीर रंजन) हैं जो सिर्फ एक ही परिवार की महिला के लिए खड़े हैं।
लोकसभा में भाजपा सांसद पूनम महाजन ने कहा जो महिलाओं का सम्मान नहीं करते हैं, उनको बोलने का कोई अधिकार नहीं है। कल सभी सांसद हैदराबाद की महिला डॉक्टर की हत्या के विरोध में एकजुट थे। कुछ समय बाद, जिनके नाम में धीर है, ऐसे अधीर रंजन जी आपके धीर का बांध टूट गया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर उन्होंने जो टिप्पणी की वो सबसे बुरा हुआ। निर्बल तो आप हैं दादा कि एक परिवार की महिला के लिए आप खड़े हैं और उसी की सुरक्षा और सम्मान के लिए लड़ रहे हैं।
अधीर रंजन ने सोमवार को कहा था...
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर सोमवार को तंज कसा था। लोकसभा में सीतारमण के बारे में बोलते हुए अधीर रंजन चौधरी ने कहा था कि आपके लिए सम्मान तो है लेकिन कभी-कभी सोचता हूं कि आपको निर्मला सीतारमण की जगह 'निर्बला' सीतारमण कहना ठीक होगा कि नहीं। आप मंत्री पद पर तो हैं लेकिन जो आपके मन में है वो कह भी पाती हैं या नहीं।
जिसके बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि हमारी सरकार सुनती है। फिर आलोचना हो या कोई सुझाव। जब गृह मंत्री ने उद्योग जगत के लीडर्स को संबोधित किया तो उनकी बात में स्पष्ट था कि हम सुनने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं, फिर भले ही वह आलोचना हो।
भाजपा सदस्यों ने उनकी टिप्पणी का विरोध किया था इसके बाद स्पीकर ओम बिड़ला ने फैसला दिया था कि किसी भी असंवेदनशील टिप्पणी को रिकॉर्ड से हटा दिया जाएगा। मंगलवार को शून्यकाल के दौरान, जब चौधरी प्याज की कीमतों पर बोलने के लिए उठे, तो पूनम महाजन ने मोर्चा संभाला और उन्हें उनकी टिप्पणी पर करारा जवाब दिया। बीजेपी सदस्यों के शोर-शराबे के बीच उन्होंने कहा, आप निर्बल (कमजोर) हैं क्योंकि आप एक परिवार के लिए खड़े हैं। आप कमजोर हैं क्योंकि आप प्रधानमंत्री को घुसपैठिया कहते हैं। राजकोष पीठ ने भी चौधरी से अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगने को कहा।
मंगलवार को चौधरी ने प्याज के ऊंचे दामों पर बोलना शुरू किया, इसके बाद संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस नेता को पहले प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और वित्त मंत्री के खिलाफ की गई अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए। उसके बाद उन्हें सदन में बोलने दिया जाना चाहिए।
नारेबाजी के बीच, चौधरी ने कहा कि यह सरकार गरीब और किसान विरोधी है क्योंकि यह शायद ही कुछ कर रही है जब प्याज की कीमतें 100 रुपये प्रति किलो के पार हो गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आवश्यक वस्तुओं की कीमतों की जांच करने में असमर्थ है। व्यवधानों के बीच कांग्रेस ने सदन से वॉक आउट कर दिया।