भाजपा में पहले से ही मौजूद फिल्मी हस्तियों की लंबी फेहरिस्त में अब दक्षिण भारतीय अभिनेत्री खुशबू सुंदर का नाम भी जुड़ गया है। ये ऐसे सितारे हैं जो राजनीति के गलियारों में प्रवेश से पहले रुपहले पर्दे पर अपनी चमक की बदौलत घर-घर के जाने-पहचाने चेहरे हैं। इस फेहरिस्त में दर्जन भर ऐसे भी है जो संसद में भाजपा का प्रतिनिधत्व कर रहे हैं। इनमें सनी देओल, हेमा मालिनी, किरन खेर, रूपा गांगुली, लॉकेट चटर्जी, रवि किशन और मनोज तिवारी प्रमुख है।
इनके अलावा कुछ ऐसे भी है जो भले ही भाजपा की दैनिक गतिविधियों में शामिल न होते हों, लेकिन इसके सदस्य हैं और जरूरत पड़ने पर मैदान में उतरने से हिचकिचाते नहीं। ऐसा नहीं है कि भाजपा ने सिर्फ बॉलीवुड से जुड़ी हस्तियों को अपनाया है, बल्कि क्षेत्रीय सिनेमा के नामचीन कलाकारों को भी बराबर का महत्व दिया है। वह चाहे भोजपुरी सिनेमा के मनोज तिवारी और रवि किशन हों या फिर बांग्ला सिनेमा की रूपा गांगुली और लॉकेट चटर्जी या फिर गायक बाबुल सुप्रियो हों।