सुषमा स्वराज का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन। नम आंखों से पूरे देश ने दी अंतिम विदाई।
पीएम मोदी, लालकृष्ण आडवाणी, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और राजनाथ सिंह लोधी रोड स्थित शवदाह गृह में मौजूद।
सुषमा स्वराज का पार्थिव शरीर लोधी रोड स्थित शवदाह गृह पहुंचा।
पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह और भूटान के पूर्व पीएम शेरिंग तोबगे लोधी शवदाह गृह में मौजूद।
सुषमा स्वराज का पार्थिव शरीर भाजपा मुख्यालय से लोधी रोड स्थित शवदाह गृह में ले जाया जा रहा है।
राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, रवि शंकर प्रसाद, पीयूष गोयल और दूसरे नेताओं ने सुषमा स्वराज के पार्थिव शरीर को कंधा दिया।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में सुषमा स्वराज के पार्थिव शरीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया और उनके पार्थिव शरीर को पार्टी का झंडे में लपेटा गया।
पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए भाजपा मुख्यालय पहुंच गया है। जहां उनको श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है। शाम तीन बजे के बाद उनका अंतिम संस्कार लोधी रोड स्थित श्मशान घाट पर किया गया जाएगा।
सुषमा स्वराज के निधन पर राज्यसभा में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कह कि उनके असामयिक निधन से राष्ट्र ने एक सक्षम प्रशासक, एक प्रभावी सांसद और लोगों की एक सच्ची आवाज खो दी है। इस दौरान संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, निर्मला सीतारमण, थावरचंद्र गहलोत समेत कई नेता उपस्थित थे।
सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि देने के लिए राष्ट्रपति कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, गृहमंत्री अमित शाह, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई नेता पहुंचे। इस दौरान पीएम मोदी भावुक भी हो गए। लालकृष्ण आडवाणी ने एक ब्लॉग लिख अपनी संवेदना व्यक्त की। वहीं दिल्ली सरकार ने दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि देने उनके घर पहुंचे। इस दौरान पीएम मोदी भावुक दिखे। उन्होंने सुषमा स्वराज के परिवारीजनों से मिलकर दुख जताया।
इससे पहले श्रद्धाजलि देने पहुंचे समाजवादी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव भी भावुक हो गए।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि देने उनके घर पहुंच गए हैं। थोड़ी देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोद के भी वहां पहुंचने की संभावना है।
थोड़ी देर में पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि देने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके आवास पर पहुंचेंगे। उनका पार्थिव शरीर सुबह 11 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में दर्शन के लिए रखा जाएगा।
हेमा मालिनी, बाबा रामदेव और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि दी।
रूस के विदेश मंत्रालय ने दुख जताते हुए कहा कि हम अपने मैत्रीपूर्ण देश के पूर्व विदेश मंत्री के निधन पर भारत के लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं।
सुषमा स्वराज के निधन पर केवल देश ही नहीं बल्कि विदेशों के कई राजनेताओं ने भी दुख जताया है। नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने ट्वीट किया कि भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेशमंत्री सुषमा स्वराज जी के निधन के बारे में जानकर मुझे गहरा झटका लगा। भारत सरकार और लोगों के साथ-साथ शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति हार्दिक संवेदना और गहरी संवेदना।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शोक जताते हुए कहा कि सुषमा जी के निधन से मैं स्तब्ध हूं। मैं उन्हें 1990 के दशक से जानती थी। भले ही हमारी विचारधारा अलग थी फिर भी संसद में हमने कई सौहार्दपूर्ण समय साझा किए। एक उत्कृष्ट राजनीतिज्ञ, नेता और अत्छे इंसान के रूप में हम उन्हें याद करेंगे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।
भारत माता की सच्ची बेटी थीं सुषमा जी: शिवराज सिंह चौहान
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सुषमा जी भारत माता की सच्ची बेटी थीं। उन्होंने भारत माता और देश की सेवा में अपना पूरा जीवन लगा दिया। उन्होंने विदेशों में भारत का मान बढ़ाया। वह कश्मीर घाटी से अनुच्छेद 370 हटने का ही इंतजार कर रही थीं और ऐसा होते ही हमें छोड़कर चली गईं।
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, डॉ हर्ष वर्धन, नितिन गडकरी समेत पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताया।
मालदीव के विदेश मंत्री ने भी जताया दुख
सुषमा स्वराज के निधन पर मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि स्वराज के निधन की खबर सुनकर बेहद दुखी हूं, वे एक कुशल कूटनीतिज्ञ और बहुत ही अच्छी इंसान थीं। मालदीव और भारत की दोस्ती को बढ़ाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे!
अंतिमदर्शनों के लिए पहुंच रहे नेता
पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचकर भाजपा नेता अनुराग ठाकुर, बाबुल सुप्रियो और मनोज तिवारी ने अंतिमदर्शन किए और श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें, इस समय स्वराज के घर पर उनके अंतिमदर्शनों के लिए आने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है।
सुषमा स्वराज को याद करते हुए रो पड़े रविशंकर प्रसाद।
कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद भी एम्स पहुंचे।
आजाद ने कहा- मैं सदमे में हूं। कभी नहीं सोचा था कि इतनी जल्दी वह चली जाएंगी। मैं उन्हें 1977 से जानता था।
सुषमा स्वराज का पार्थिव शरीर एम्स से उनके आवास पर ले जाया जा रहा है।
पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का मंगलवार रात दिल का दौरा पडने से निधन हो गया। घबराहट होने की शिकायत के बाद रात करीब 9.00 बजे सुषमा को एम्स लाया गया जहां काफी प्रयासों के बाद भी उनकी जान नही बचाई जा सकी। सुषमा की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्ष वर्धन, परिवाहन मंत्री नितिन गडकरी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत भाजपा के कई नेता अस्पताल पहुंच गए। बाद में जब सुषमा की मौत की खबर मिली तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वहां पहुंच गए। देर रात तक एम्स इमरजेंसी के बाहर लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई थी।
दिल का दौरा पड़ने से कुछ ही देर पहले सुषमा ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री को लिखा था कि प्रधानमंत्री जी आपका हार्दिक अभिनंदन, मैं अपने जीवन में इस दिन को देखने की प्रतीक्षा कर रही थी। लेकिन उन्हें नही पता था कि शायद यह उनका आखिरी ट्वीट होगा। पूर्व प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी के बाद दूसरी विदेश मंत्री बनी सुषमा स्वराज बेहतरीन वक्ता होने के साथ देश का जाना-माना नाम था।