मिशन-2019 के लिए कृषि क्षेत्र में मोदी सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए भाजपा किसान मोर्चा पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेगा। इसके लिए 18 से 20 मई तक गुड़गांव में राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
यहां से प्रशिक्षित कार्यकर्ता विभिन्न राज्यों में अन्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे और यह सिलसिला क्रमवार गांवों तक चलेगा। किसान मोर्चा के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि हमारा लक्ष्य लोकसभा चुनाव से पहले हर गांव तक पहुंचने का है।
उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद यह पहली सरकार है जिसने बजट का 52 फीसदी हिस्सा कृषि क्षेत्र के लिए तय किया है। लोगों को मोदी सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी होनी चाहिए, क्योंकि इसके बाद ही ये योजनाएं वास्तविक रूप से जमीन पर उतर सकेंगी।
उन्होंने बताया कि बीते साल किसानों से शुरू हुए सीधा संवाद के तहत खुद दो लाख लोगों से बातचीत की है। मोर्चा की योजना सीधे संवाद से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को जोड़कर नीतियों को हर गांव में पहुंचाने की है।