पश्चिम बंगाल में भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा
- फोटो : PTI
पश्चिम बंगाल की 109 विधानसभा सीटों पर भाजपा की पैनी नजर है। इसके लिए पार्टी ने देश के चुनिंदा 22 नेताओं को स्थानीय नेताओं की मदद के लिए मैदान में उतारा है। इन नेताओं को उन निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार को धार देने की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा ने सुपर 22 के इन नेताओं पश्चिम बंगाल के पहले दो चरणों के चुनाव के लिए तैनात किया है। सूत्रों के मुताबिक इन नेताओं को बूथ स्तर पर टीम के साथ जोड़ा है। टीम ने पहले से ही जमीन पर काम शुरू कर दिया है, ताकि भाजपा के लिए लोगों की भावना को वोट में तब्दील करना सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही लोगों को मतदान बूथ तक बिना डर के पहुंचाया जा सके।
सूत्रों के अनुसार धर्मेंद्र प्रधान को कोलकाता उत्तर की जिम्मेदारी दी गई है, जिसमें नौ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र आते हैं। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह को हावड़ा ग्रामीण के पांच सीटों की जिम्मेदारी दी गई है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हाल ही में इन 22 नेताओं से मुलाकात की। इनमें नितिन गडकरी, राधामोहन सिंह, अरविंद लिंबावली, प्रवेश वर्मा, रमेश बिधूड़ी, विनोद तावड़े, शंकर चौधरी, विनय सहस्रबुद्धे, निशिकांत दूबे, मंगल पांडे और प्रदीप सिंह वाघेला आदि शामिल हैं।