BJP Hits Back at Rahul Gandhi: राहुल गांधी ने छात्र प्रदर्शन को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। साथ ही कहा कि प्रदर्शन करने वाले छात्रों को परेशान किया जा रहा है। इसके कुछ ही देर बाद भाजपा सांसद संबित पात्रा ने पलटवार करते हुए दावा किया कि संसद चलो मार्च के दौरान कोई गोली नहीं चली थी। साथ ही उन्होंने झारखंड के छात्रों का मुद्दा भी उठाया। आखिर भाजपा ने राहुल गांधी के आरोपों का जवाब में क्या-क्या कहा? आइए, सब विस्तार से जानते हैं....
राहुल गांधी की प्रेसवार्ता के कुछ ही समय बाद भाजपा ने उनके आरोपों का जवाब दिया। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि 20 तारीख को हुए संसद चलो मार्च के दौरान कोई गोली नहीं चली थी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर पहले भी भाजपा ने यही बात कही थी और अब भी पूरी जिम्मेदारी के साथ वही दोहरा रही है। पात्रा ने राहुल गांधी पर छात्रों के मुद्दे पर राजनीति करने का भी आरोप लगाया।
विज्ञापन
राहुल गांधी ने प्रेसवार्ता में छात्र प्रदर्शन में शामिल युवाओं के साथ मंच साझा किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रदर्शन के बाद छात्रों को धमकाया जा रहा है और उनके घरों पर दबाव बनाया जा रहा है। इसके जवाब में संबित पात्रा ने कहा कि उनकी प्रेसवार्ता छात्रों के खिलाफ नहीं, बल्कि राहुल गांधी के बयानों के जवाब में है। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें राजनीति का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।
संबित पात्रा ने कहा कि वह पूरी जिम्मेदारी के साथ फिर दोहरा रहे हैं कि 20 तारीख को दिल्ली में 'संसद चलो मार्च' के दौरान कोई गोली नहीं चली थी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले भी यही बात कही थी, क्योंकि यह बेहद संवेदनशील मामला है। पात्रा ने राहुल गांधी पर झूठा नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश नहीं किया जाना चाहिए।
झारखंड के छात्रों को लेकर भाजपा ने क्या कहा?
भाजपा सांसद ने कहा कि झारखंड के बच्चे भी देश के बच्चे हैं और वे भी अपनी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी केवल चुनिंदा मुद्दों पर ही क्यों आवाज उठाते हैं। पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी को झारखंड जाकर वहां के छात्रों से भी मिलना चाहिए और उनकी परेशानियों को समझना चाहिए। उन्होंने इसे विपक्ष का "चयनात्मक रवैया" बताया।
बच्चों को राजनीति से दूर रखने की अपील क्यों की?
संबित पात्रा ने कहा कि मासूम बच्चों के कंधों पर बंदूक रखकर राजनीति नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। भाजपा का उद्देश्य किसी बच्चे पर निशाना साधना नहीं, बल्कि राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देना है। उन्होंने कहा कि जब भी लोकतांत्रिक आंदोलन की जरूरत होगी, युवाओं को निडर होकर अपनी बात रखनी चाहिए, लेकिन उनके नाम पर झूठा नैरेटिव नहीं बनाया जाना चाहिए।