भाजपा ने राफेल मामले पर राहुल गांधी के बयान को उनकी झूठ की फैक्ट्री का एक और घटिया उत्पाद बताया है। बीजेपी प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि देश की रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने इस मामले पर लोकसभा में बयान दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने राफेल मामले की सुनवाई करते हुए स्पष्ट किया है कि इस मामले की खरीद में प्रक्रिया का पूरा पालन किया गया, और राफेल विमानों की खरीद में कैबिनेट कमेटी ऑन डिफेन्स की सहमती ली गई थी। इसके बाद विवाद के लिए कुछ शेष नहीं रह जाना चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता अग्रवाल ने कहा कि यह देखने वाली बात है कि राहुल गांधी देश की रक्षामंत्री के लोकसभा में दिए गये बयान पर भरोसा नहीं करते हैं, सर्वोच्च अदालत की बात पर भरोसा नहीं करते हैं, लेकिन एक अधिकारी की बात पर ज्यादा भरोसा दिखाते हैं। उनसे पूछा जाना चाहिए कि वे एक अधिकारी के एक नोट को रक्षामंत्री और सुप्रीम कोर्ट से ज्यादा भरोसेमंद क्यों मानते हैं?
इसके पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक प्रेस कांफ्रेंस कर सीधे प्रधानमंत्री पर हमला बोला। उन्होंने एक मीडिया रिपोर्ट के हवाले से आरोप लगाया कि राफेल की डील में पीएम खुद सौदेबाजी कर रहे थे। माना जाता है कि कांग्रेस राफेल मामले को एक बड़े चुनावी हथियार के रूप में देख रही है। यही कारण है कि वह इस मामले पर नए-नए तथ्यों के साथ रोज मैदान में उतर रही है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय माकन ने पूर्व में कहा है कि राफेल मामला हमारे हाथ लगा चुनावी ट्रम्प कार्ड है। पार्टी इसे पूरे लोकसभा चुनाव के दौरान जोर शोर से उठाएगी। और अगले लोकसभा चुनाव में यह पार्टी का प्रमुख मुद्दा होगा।