झारखंड के रामगढ़ में बीफ के शक में मीट व्यापारी अलीमुद्दीन अंसारी की हत्या में बीजेपी नेता की गिरफ्तारी के बाद पार्टी अपने नेता के बचाव में उतर गई है। पार्टी ने रविवार को नित्यानंद महतो के बचाव में कहा कि वह एक समर्पित पार्टी कार्यकर्ता हैं, उनका बजरंग दल या फिर गौरक्षा समिति से कोई संबंध नहीं है।
गौरतलब है कि 29 जून को राज्य के रामगढ़ में बीफ के शक में एक मीट व्यापारी की भीड़ ने पीटकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद पुलिस ने दो लोगों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया, मामले में बीजेपी नेता को उनके ऑफिस से गिरफ्तार किया था।
सूत्रों के मुताबिक मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बीजेपी नेता को पुलिस ऑफिस से घसीट पर बाहर लाई थी। इस मामले में आरोपी बीजेपी नेता ने अपनी सफाई में कहा कि वे घटना स्थल पर प्रशासन के पहुंचने के बाद पहुंचे थे। इस घटना का एक वीडियों भी इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।