बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर परिकर के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। कानून की धज्जियां उड़ाने के कारण इन दोनों पर ये शिकायत दर्ज कराई गई है। गोवा के डबोलिम अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक सभा को संबोधित करने के एक दिन बाद उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। सभा को संबोधित करते समय गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर परिकर के अलावा श्रीपाद नाइक, स्थानीय पार्टी चीफ निनय तेंदूलकर और मौविन गोदिन्हों भी मौजूद थे। एयरपोर्ट पर बैठक करने की वजह से एक वकील कार्यकर्ता ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।
गोवा के वकील एरिस रॉड्रिग्स ने इसे लेकर नागरिक उड्डयन सचिव,गोवा के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को इस बारे में शिकायत की। उन्होंने एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं के बैठक को लेकर नाराजगी जताई। इस बैठक में 2,000 से ज्यादा लोगों शामिल हुए थे। उन्होंने इसे गैरकानूनी सभा और भारतीय दंड संहिता की धारा 141 का उल्लंघन बताया और कहा कि इससे एयरपोर्ट के यात्रियों को भी असुविधा हुई।
इस मामले में कांग्रेस पार्टी का कहना है "हम बीजेपी द्वारा गोवा एअरपोर्ट पर मीटिंग किए जाने कि कड़ी निंदा करते हैं।" कांग्रेस पार्टी ने कहा कि एयरपोर्ट काम्प्लेक्स पर मीटिंग करके बीजेपी ने सुशासन का अच्छा उदाहरण पेश नहीं किया है। उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया से इस बात कि जांच करने को कहा है कि आखिर किसने बीजेपी को वहां मीटिंग करने कि इजाजत दी।
बता दें कि अमित शाह गोवा के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करने के दौरान 'भीड़ द्वारा पीट-पीट कर हत्या" और बीफ बैन से संबंधित कई सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा हम 'मॉब लिंचिंग' कि समस्या को लेकर गंभीर हैं लेकिन इस तरह कि घटनाएं कांग्रेस राज में अधिक हुई हैं।