केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को अहमदाबाद में कहा कि केंद्र सरकार ने जुलाई-अगस्त में कोविड-19 टीकाकरण की गति बढ़ाने का निर्णय किया है। शाह ने अहमदाबाद में एक टीकाकरण केंद्र का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हम लगभग सभी को टीका लगाने का लक्ष्य तेजी से प्राप्त करेंगे। केंद्र ने जुलाई और अगस्त में टीकाकरण की गति बढ़ाने का निर्णय किया है। उन्होंने बोदकदेव में पं. दीनदयाल उपाध्याय हॉल स्थित टीकाकरण केंद्र का दौरा किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में एक महत्वपूर्ण सफर शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया था कि केंद्र सरकार की ओर से 18 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के लोगों को मुफ्त में टीके उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सोमवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देश में सभी के लिए मुफ्त टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। टीकाकरण कार्यक्रम में भारत पहले से ही सबसे आगे है।