नगालैंड चुनाव में भाजपा और एनडीपीपी के गठबंधन को जीत मिली है। यह गठबंधन जल्द ही राज्य में सरकार बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए पार्टी ने राज्यपाल से मुलाकात कर दावा पेश किया है। जीत से उत्साहित एक भाजपा प्रत्याशी एच खेहोवी का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह अपने समर्थकों के ऊपर नोटों की बारिश करते हुए नजर आ रहे हैं। जिन्हें बटोरने के लिए नीचे खड़े लोगों में होड़ मच गई। यह वीडियो टाइम्स 8 नाम के फेसबुक अकाउंट ने अपने पेज पर अपलोड किया है।
इस घटना का वीडियो
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना जुन्हेबोटो जिले की सुरुहोटो विधानसभा क्षेत्र की है। इस क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी एच खेहोवी ने पहली बार चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 52 साल के खेहोवी राज्य के अमीर नेता हैं और वह सरकारी कर्मचारी रह चुके हैं। जीतने की खुशी में उन्होंने अपने समर्थकों पर नोटों की बारिश की। ज्यादातर नोट 200 और 500 रुपए के थे।
रिटायरमेंट के बाद खेहोवी ने अपना बिजनेस शुरू किया और उसके बाद राजनीति में आ गए। बता दें कि नगालैंड में भाजपा गठबंधन सरकार बनाने जा रही है। भाजपा राज्य में अपनी सहयोगी पार्टी नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) के साथ मिलकर सरकार बनाएगी। यहां बीजेपी और एनडीपीपी गठबंधन ने 29 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि एक सीट पर विजयी रही जेडीयू और एक निर्दलीय प्रत्याशी ने भी इस गठबंधन को समर्थन देने की बात कही है।