विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर संघ और भाजपा की समन्वय समिति की दो दिवसीय बैठक सोमवार से शुरू हो गई है। सिगरा स्थित कार्यालय में बैठक के पहले दिन कई बिंदुओं पर चर्चा हुई। संघ के सूत्रों की मानें तो इस बार कैडर के लोगों को ही टिकट देने पर विचार किया जा रहा है।
दूसरी पार्टी से आने वाले, धनबल-बाहुबल के दम पर चुनाव जीतने का दंभ भरने वालों और दागदार चेहरों को प्रत्याशी न बनाने की योजना पर गंभीरता से मंथन किया गया।
संघ और भाजपा के उच्चपदस्थ पदाधिकारियों के बीच हुई बैठक में यह भी तय हुआ कि पीएम आगमन से पूर्व टिकट दावेदारों की सूची तैयार कर ली जाए। पीएम से भी उनके संसदीय क्षेत्र की पांच विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों के बारे में चर्चा की जाएगी।
चयन उन्हीं का होगा जो हर सीट पर जीत दिला सकें। सुबह से शाम तक चली बैठक में गिने-चुने पदाधिकारी ही शामिल रहे। दूसरे दिन भी प्रदेश के संघ और भाजपा के उच्च पदस्थ पदाधिकारियों की बैठक में अन्य बिंदुओं पर विचार किया जाएगा।