उड़ीसा उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को बीजद सांसद और उड़िया अभिनेता अनुभव मोहंती को उनकी पत्नी वर्षा प्रियदर्शनी से तलाक को मंजूरी दे दी। न्यायमूर्ति अरिंदम सिन्हा और सिबो शंकर मिश्रा की खंडपीठ ने स्थानीय पारिवारिक अदालत के पूर्व के फैसले को भी रद्द कर दिया, जिसने इस साल सितंबर में तलाक के लिए मोहंती की अपील को खारिज कर दिया था।
मोहंती ने 2019 में नई दिल्ली की एक अदालत में तलाक का मुकदमा दायर किया था, जिसे प्रियदर्शनी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने 2020 में कटक परिवार अदालत में स्थानांतरित कर दिया था। इस बीच दोनों ने स्थानीय पुलिस थानों और मजिस्ट्रेट अदालतों में एक-दूसरे के खिलाफ कई शिकायतें और मुकदमे दायर किए। दोनों ने एक-दूसरे पर कीचड़ उछालने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी इस्तेमाल किया था।