प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बातचीत के दौरान पाकिस्तान से उत्पन्न सीमापार आतंकवाद का मुद्दा उठाया और कहा कि भारत आशा करता है कि बातचीत बहाल करने के लिये आतंकवाद मुक्त वातावरण तैयार करने की खातिर पाकिस्तान ठोस कार्रवाई करेगा। शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइजेशन (एससीओ) सम्मेलन से इतर बिश्केक में प्रधानमंत्री मोदी ने चीनी राष्ट्रपति शी से भेंट की और द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एससीओ शिखर सम्मेलन में चीनी राष्ट्रपति संग बैठक के बाद इस मुलाकात को अत्यंत सार्थक बताया है। पीएम मोदी ने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण आयाम पर जिनपिंग संग चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि चीन ने आर्थिक व सांस्कृतिक संबंधों में सुधार के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया है। राष्ट्रपति शी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद मोदी ने ट्वीट किया, ‘राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अत्यंत फलदायी मुलाकात की। हमारी बातचीत में भारत-चीन संबंध पूरे विस्तार से शामिल थे। हम अपने बीच आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को सुधारने में मिलकर काम करते रहेंगे।’
बता दें कि एक महीने पहले ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने पाकिस्तान के आतंकी समूह जैश-ए-मोहम्मद के मुखिया मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित किया था। चीन ने उसे प्रतिबंधित करने के प्रस्ताव पर लगी अपनी तकनीकी रोक को हटा लिया था।
शी ने पिछले महीने आम चुनाव जीतने पर मोदी को बधाई दी थी। परिणामों की आधिकारिक घोषणा से पहले ही चीनी राष्ट्रपति का बधाई संदेश किसी विदेशी नेता के लिहाज से दुर्लभ ही था। मोदी ने भी 15 जून को 66 वर्ष के होने जा रहे शी को बधाई दी थी।