जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रचार करने के लिए गुजरात नहीं जाएंगे। गुजरात में जदयू चुनावी मैदान में है, लेकिन पार्टी के 20 स्टार प्रचारकों की लिस्ट में उनका नाम नहीं है। पार्टी ने नीतीश कुमार के गुजरात नहीं जाने की पुष्टि की है।
उल्लेखनीय है कि पार्टी ने गुजरात में 50 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। जदयू के राष्ट्रीय सचिव एए खान ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है।
इस लिस्ट में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) एवं राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह, महासचिव केसी त्यागी, बिहार सरकार के मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, सांसद हरिवंश, संजय झा, अनिल सहनी, रविंद्र सिंह और विद्यासागर निषाद सहित कई बड़े नेताओं के नाम शामिल हैं।
पढ़ें: EC का शरद यादव को करारा झटका, बोला- चुनाव चिन्ह तीर के असली हकदार नीतीश
गुजरात में जदयू पहले भी चुनाव मैदान में उतर चुका है। वहां के आदिवासी बहुल इलाके से छोटू भाई वसवा पार्टी के विधायक हैं, लेकिन अब वह शरद गुट के कार्यकारी अध्यक्ष हैं।