बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने चार दिवसीय दौरे पर दिल्ली में हैं। ‘मिशन 2024’ को लेकर दिल्ली में विपक्ष के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। भाजपा से नाता तोड़ चुकी जदयू नेताओं का उद्देश्य लोकसभा चुनाव 2024 से पहले विपक्षी पार्टियों को एकजुट करना है। बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीपीआई (एमएल) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य से मुलाकात की।
नीतीश कुमार लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा के खिलाफ संयुक्त लड़ाई के लिए विपक्षी नेताओं से मिल रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को सीपीआईएम महासचिव सीताराम येचुरी और सीपीआई महासचिव डी राजा से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने चुनाव को लेकर चर्चा की।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में सभी सात दल एकजुट हैं और भाजपा अकेले विपक्ष में हैं। हम समाज के अपने वर्ग को विकसित करने के लिए एक साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं सभी से मिल रहा हूं। भाजपा का साथ छोड़कर इस पक्ष में शामिल होने पर लोगों ने मुझे धन्यवाद दिया और कहा कि मैंने अच्छा किया।
बिहार विधानसभा में वाम दलों के 16 विधायकों ने नीतीश सरकार को समर्थन दिया हुआ हैं। इनमें सीपीआई-एमएल (एल) के 12, सीपीआई और सीपीएल के दो-दो विधायक शामिल हैं।
आज लौटेंगे बिहार
नीतीश कुमार दिल्ली में राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा एनसीपी प्रमुख चीफ शरद पवार से भी मुलाकात कर आगामी लोकसभा चुनाव पर चर्चा करेंगे। सीएम नीतीश बुधवार शाम में वापस पटना लौट जाएंगे।