बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि अन्य दलों के नेता स्वच्छ छवि के साथ भाजपा से जुड़ना चाहते हैं, उन्हें पार्टी में जगह दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर लालू यादव भी हृदय परिवर्तन कर भाजपा के सिद्धांतों पर काम करना चाहें तो पार्टी उनका भी स्वागत करेगी।
पढ़ें- सुशील मोदी के बेटे की शादी में पहुंचे लालू, नीतीश से नहीं हुई बातचीत
मंगलवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने कानपुर आए नित्यानंद राय ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा है जहां जातीय और जोड़-तोड़ की राजनीति नहीं की जाती। अच्छी विचारधारा रखने वाले अन्य दलों के नेताओं को भी पार्टी में शामिल किया जा रहा है। नगर निकाय चुनाव में ईवीएम में गड़बड़ी के सवाल पर कहा कि ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’। सभी दलों को अपनी वास्तविक स्थिति का आभास हो गया है। हार होने पर ईवीएम खराब होने का राग अलाप रहे हैं। ईवीएम हो या बैलट दोनों तरह की वोटिंग में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की है। गुजरात चुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत होगी।