फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News : शिक्षक भर्ती घोटाले में अर्पिता मुखर्जी बनी सरकारी गवाह, पढ़ें देश-दुनिया की कुछ खास खबरें

Fri, 23 Sep 2022 06:36 AM IST
योगेश साहू अमर उजाला ब्यूरो/एजेंसी, कोलकाता/नई दिल्ली।
विज्ञापन
SSC स्कैम में फंसे पार्थ चटर्जी और अर्पिता मुखर्जी (बाएं)। - फोटो : Social Media
विज्ञापन

बंगाल में शिक्षक घोटाला मामले में गिरफ्तार पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी की करीबी अर्पिता मुखर्जी सरकारी गवाह बन गई हैं। इसके बाद अब सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कई अन्य बड़े नेताओं की भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सूत्रों के अनुसार ईडी की ओर से पिछले दिनों अदालत में दाखिल की गई चार्जशीट में यह जानकारी दी गई है। चार्जशीट के मुताबिक पूछताछ के दौरान अर्पिता ने ईडी अधिकारियों से सरकारी गवाह बनने की गुहार लगाई है।

विज्ञापन


इसके लिए उसने आवेदन किया है। सूत्रों के मुताबिक अर्पिता ने बताया है कि नकदी, आभूषण और विदेशी मुद्रा के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं थी। अर्पिता को कमरों में जाने की अनुमति भी नहीं थी। अब वह सरकारी गवाह के तौर पर बयान देने के लिए तैयार हैं। माना जा रहा है कि इसके बाद अब भ्रष्टाचार में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी शिकंजा करने में और मदद मिलेगी।

जेम्स वेब ने खींची नेप्च्यून की पहली साफ तस्वीर, छल्ले दिखे
अंतरिक्ष में तैनात सबसे बड़ी दूरबीन, जेम्स वेब टेलीस्कोप ने सौर मंडल में सुदूर स्थित नेपच्यून ग्रह की पहली तस्वीर खींची है। इसमें उसके छल्ले भी दिख रहे हैं। नासा के मुताबिक, ग्रह की 30 वर्षों में यह सबसे साफ तस्वीर सामने है। वेब प्रोजेक्ट पर नेप्च्यून विशेषज्ञ हाइदी हमाल ने कहा, यह तीन दशकों में पहली बार है जब हमने ग्रह के नए धूल भरे छल्लों को देखा है। बता दें, नेपच्यून पृथ्वी-सूर्य से भी 30 गुना दूर स्थित है।
विज्ञापन


महिला को अंतरिक्ष में भेजेगा सऊदी अरब
सऊदी अरब अगले साल पहली बार किसी महिला को अंतरिक्ष में भेजने जा रहा है। इसके लिए वह जल्द प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत करेगा, जिसमें अन्य अंतरिक्ष यात्री भी शामिल होंगे। यह कार्यक्रम उसके महत्वाकांक्षी विजन 2030 का हिस्सा है, जिसका मकसद देश में विज्ञान-तकनीक को बढ़ाना है ताकि कच्चे तेल से कमाई पर निर्भरता घटाई जा सके।

 

मलेरिया से परेशान पाक को भारत से चाहिए 71 लाख मच्छरदानियां
आर्थिक संकट के बाद विनाशकारी बाढ़ से जूझ रहा पाकिस्तान को मलेरिया से निपटने के लिए भारत से मदद की जरूरत है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, स्वास्थ्य अधिकारियों ने पाकिस्तान सरकार से भारत से 71 लाख मच्छरदानियां आयात करने की मंजूरी मांगी है। ये मच्छरदानियां बाढ़ग्रस्त इलाकों में बांटी जाएंगी। देश में मलेरिया को हजारों मरीज रोज सामने आ रहे हैं। सिंध व बलूचिस्तान जैसे इलाकों में जांच किट, मलेरियारोधी दवा और मच्छरदानियों की भारी किल्लत है।

इसे देखते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा, नियमन व समन्वय (एनएचएस, आर एंड सी) ने वाणिज्य मंत्रालय से पड़ोसी देश से मच्छरदानियां लेने की अनुमति मांगी है। राष्ट्रीय मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम के दानकर्ता ग्लोबल फंड ने भारत से तत्काल मच्छरदानियां खरीदने के लिए पैसा देने की हामी भरी है। पाकिस्तान में बाढ़ के चलते 1,500 से ज्यादा की मौत हो गई है।

कनाडा में खालिस्तान जनमत संग्रह पर भारत ने जताई आपत्ति
भारत ने कनाडा में तथाकथित खालिस्तान जनमत संग्रह पर बृहस्पतिवार को तीखी प्रतिक्रिया देते हुए विरोध जताया। भारत ने कहा, यह घोर आपत्तिजनक स्थिति है कि एक मित्र देश में चरमपंथी तत्वों द्वारा राजनीति से प्रेरित गतिविधि को होने दिया गया। भारत ने इस तरह के मुद्दे को फर्जीवाड़ा करार दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारत ने राजदूत चैनल के माध्यम से कनाडा अधिकारियों के संग मामले को उठाया। साथ ही कनाडा पर कार्रवाई के लिए दबाव भी बनाया है।

बागची ने कहा कि यह मामला पूरी तरह से हास्यापद है। उन्होंने कहा कि कनाडा सरकार ने दोहराया है कि वह भारत की संप्रभुता और अखंडता का सम्मान करते हैं। देश में इस जनमत संग्रह को मान्यता नहीं देंगे। खालिस्तानी समूह सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) ने दावा किया कि 19 सितंबर को ओंटारियो के ब्रैम्पटन में खालिस्तान जनमत संग्रह के दौरान एक लाख से अधिक कनाडाई सिख मतदान करने के लिए निकले थे। भारत ने कनाडा सरकार को आगाह किया था, लेकिन उन्होंने रोकने से इन्कार कर दिया था।

आज रेड क्रॉस सोसाइटी को कदम बढ़ाने की जरूरत : मांडविया
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी (आईआरसीएस) को समय के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है ताकि वह सहयोगी उपक्रमों के माध्यम से व्यापक आबादी तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि सेवा और सहयोग हमारी विरासत और संस्कार का हिस्सा हैं। ये भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के आदर्श वाक्य को भी रेखांकित करते हैं। आईआरसीएस के अध्यक्ष मांडविया ने अध्यक्षों, उपाध्यक्षों, सचिवों के साथ बैठक कर कामकाज में सुधार के तरीकों और साधनों पर चर्चा की।

अभिव्यक्ति की आजादी भारत की पूंजी : उपराष्ट्रपति
अभिव्यक्ति की आजादी भारत की एक पूंजी है। इस पर न तो समझौता किया जा सकता है और न ही कोई मोलभाव किया जा सकता है। इससे किसी भी प्रकार की छेड़खानी देश की संप्रभुता और समानता के साथ समझौता करने के समान होगा। यह बात बृहस्पतिवार को गुवाहाटी के श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में आयोजित ’लोकमंथन 2022’ के तीसरे संस्करण का उद्घाटन करने के बाद उपराष्ट्रपति जगदीश धनखड़ ने कही। कार्यक्रम में राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और  गणमान्य लोग उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि चिंता का एक विषय है जिसे दूर करने की जरूरत है और वह है छद्म बुद्धिजीवी। क्या इस श्रेणी के लोगों को सार्वजनिक स्थान पर हावी होने दिया जा सकता है? कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने भी संबोधित किया।

ब्रिटेन में विरोध के बीच साध्वी ऋतंभरा का कार्यक्रम रद्द
ब्रिटेन में साध्वी ऋतंभरा का कार्यक्रम उस समय रद्द कर दिया गया जब उनके विरोध में स्मेथविक के एक मंदिर में भीड़ जमा हो गई। साध्वी ने कहा, वहां कुछ लोग ऐसे थे जो भारत को विकास करते नहीं देख सकते। इसलिए उन्होंने हिंदू समुदाय के भीतर डर पैदा करने की कोशिश की। साध्वी ऋतंभरा के मुताबिक, उनका लास एंजिलिस से लंदन होते हुए भारत जाने का कार्यक्रम था, लेकिन वहां विरोध के चलते कार्यक्रम टाल दिया गया। उन्होंने कहा, भीड़ ने मीडिया पर भी दबाव बनाया है। इससे पहले ऐसी खबरें आई थीं कि साध्वी ऋतंभरा के कार्यक्रम के विरोध में बर्मिंघम में एक हिंदू मंदिर के बाहर करीब 200 लोग जमा हो गए थे।

आरएसएस को तमिलनाडु में दो अक्टूबर को जुलूस की अनुमति
मद्रास हाईकोर्ट ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को कुछ शर्तों के साथ दो अक्टूबर को तमिलनाडु में 51 स्थानों पर जुलूस निकालने की अनुमति दे दी। न्यायमूर्ति जी के इलांथिरैयान ने राज्य के गृह सचिव, डीजीपी और जिलों के अन्य शीर्ष पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आयोजकों से जुलूस मार्ग उपलब्ध कराने के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी शर्तें लगाने के बाद 28 सितंबर से पहले अनुमति दें। जुलूस आरएसएस के स्थापना दिवस, स्वतंत्रता के 75वें वर्ष और डॉ. बी आर आंबेडकर की शताब्दी का जश्न मनाने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
विज्ञापन

रूस के अंतरिक्ष यान से तीन अंतरिक्षयात्री आईएसएस पहुंचे
रूसी अतंरिक्षयान के प्रक्षेपण के बाद तीन नए अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पहुंच गएहैं। कजाखस्तान से भेजा अंतरिक्षयान सोयूज निर्दिष्ट कक्षा में पहुंचा और इसके तीन घंटे के बाद वह अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंच गया। इस अंतरिक्ष यान से अमेरिका के फ्रैंक रूबियो, रूस के सर्गेई प्रोकोपयेव तथा दिमित्री पेतेलिन आईएसएस पहुंचे हैं और वहां वह छह माह रहेंगे। रूबियो चिकित्सक हैं और मियामी से सेना के पूर्व पैराशूटर हैं। वह दोनों देशों के बीच चालक दल की अदला बदली संबंधी समझौते के तहत अंतरिक्ष पहुंचे हैं।

महारानी के अंतिम संस्कार में पहुंचने पर राष्ट्रपति मुर्मू का आभार
ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में भारत की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पहुंचने पर उनका आभार जताया है। संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सत्र से इतर क्लेवरली ने कहा, मैं महारानी के अंतिम संस्कार में राष्ट्रपति को भेजने के लिए भारत का आभार व्यक्त करता हूं। मुझे राष्ट्रपति मुर्मू से मिलने का मौका मिला और यह बहुत मायने रखता है। मुर्मू महारानी की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए तीन दिवसीय यात्रा पर लंदन गई थीं। वहां उन्होंने भारत सरकार व भारत के लोगों की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि दी थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें