तमिलनाडु पुलिस की आपत्ति जताने के बाद फ्रांस के पेरिस के नीलामी घर ‘क्रिस्टीज डॉट कॉम’ ने 1972 में राज्य के कोविलपट्टी से चुराई गई भगवान नटराज की 500 साल पुरानी मूर्ति की नीलामी रोक दी है। नीलामी पर रोक लगाने की कोशिशों की केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी सराहना की। क्रिस्टीज ने नटराज की यह मूर्ति शुक्रवार को दो से तीन लाख यूरो में नीलाम करने को लेकर अपनी वेबसाइट पर नोटिस जारी किया था।
तमिलनाडु के मूर्ति शाखा के पुलिस महानिदेशक के. जयंत मुरली की नजर इस नोटिस पर पढ़ी। उन्होंने सांस्कृतिक ठगी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मुहिम चला रहे ‘ऐन्टिक्वटीज कोलिजन’ और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को टैग करते हुए 13 दिसंबर को ट्वीट किया कि फ्रांस, नीलामी रोकिए। यह भारत में तमिलनाडु के शिव मंदिर श्री कोठंडा रामेश्वर से चुराई गई मूर्ति है। हमारे पास इसके सबूत हैं।
अमेरिका ने ब्लैकलिस्ट कीं चीन की 36 कंपनियां
अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने चीन की उच्च प्रौद्योगिकी क्षेत्र की 36 कंपनियों को काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में डाला है। अमेरिका ने जिन कंपनियों को काली सूची में डाला है उनमें विमानन उपकरण, रसायन और कंप्यूटर चिप विनिर्माता शामिल हैं। माना जा रहा है कि चीन की सेना को अत्याधुनिक कंप्यूटर चिप और हाइपरसोनिक हथियारों जैसी उन्नत तकनीकों को हासिल करने से रोकने के लिए ये प्रतिबंध लगाए गए हैं। मालूम हो कि पिछले महीने ही अमेरिका ने चीन की कंपनी हुआवे और जेडटीई पर प्रतिबंध लगा दिए थे।
टीबी मरीजों के लिए नए ओरल रेजिमेन का उपयोग किया जाएगा
जेनेवा। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने दवा प्रतिरोधी टीबी यानी एमडीआर-डीआर के उपचार में ऐतिहासिक बदलाव की घोषणा की है। डब्ल्यूएचओ के मुख्यालय से नए दिशा-निर्देशों को जारी कर सभी सदस्य देशों से अपने राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में इन बदलावों को शामिल करने की अपील की है।
मल्टी ड्रग-प्रतिरोधी या रिफैम्पिसिन प्रतिरोधी टीबी (एमडीआर/आरआर-टीबी) वाले लोगों के लिए उपचार नीति में बदलाव हुए हैं। इन रोगियों को छह माह तक बेडाक्वीलिन, प्रीटोमेनिड, लाइनज़ोलिड व मोक्सीफ्लोक्सासिन (बीपीएएलएम) दवा से निर्मित नए ऑल ओरल रेजिमेन का उपयोग होगा। बीपीएएलएम नया अनुशंसित रेजिमेन है, जिससे मरीजों में बेहतर परिणाम मिले हैं।