बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में छात्राओं पर लाठीचार्ज विवाद के बीच नए कुलपति की तलाश शुरू हो गई है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के निर्देश के तहत ही कुलपति पद के लिए विज्ञापन जारी कर दिया गया है। इच्छुक उम्मीदवार को 29 अक्तूबर तक स्पीड पोस्ट या रजिस्ट्री से आवेदन मंत्रालय को भेजना होगा।
मंत्रालय ने भी कुलपति पद के लिए सर्च सेलेक्शन कमेटी के पैनल के लिए नाम तलाशने शुरू कर दिए हैं। अधिकारी के मुताबिक, बीएचयू कुलपति पद के लिए विज्ञापन एक सामान्य प्रक्रिया है, जिसके तहत आवेदन मांगे गए हैं। मौजूदा कुलपति प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी 27 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
आवेदकों में अकादमिक और प्रशासनिक क्षमता अनिवार्य है। इसके अलावा शिक्षण व शोध के क्षेत्र में अच्छी जानकारी होनी चाहिए। विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में कम से कम 10 वर्ष का अनुभव और शानदार अकादमिक रिकार्ड प्रमुख शर्त हैं। आवेदक की उम्र 67 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।