भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा अगले 26 अक्तूबर से हैदराबाद के परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय महाधिवेशन आयोजित करेगा। तीन दिन तक चलने वाले इस महाधिवेशन का उद्घाटन गृहमंत्री राजनाथ सिंह करेंगे जबकि 28 अक्तूबर को समापन समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हिस्सा लेंगे। युवा मोर्चा ने इस कार्यक्रम को 'विजय लक्ष्य युवा महाधिवेशन 2019' नाम दिया है। दक्षिण भारत के किसी राज्य में यह पहला युवा मोर्चा का महाधिवेशन है। तेलंगाना राज्य में भी विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं, इस लिहाज से हैदराबाद का महाधिवेशन के लिए चयन एक सोची समझी रणनीति के तहत किया गया है।
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की अध्यक्ष पूनम महाजन ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि इस कार्यक्रम में पूरे देश से युवा मोर्चे के ब्लॉक स्तर तक के अधिकारी भाग लेंगे। कुल मिलाकर दो लाख लोगों के इस कार्यक्रम में आने की संभावना है। पार्टी के कई शीर्ष नेताओं की भागीदारी होना भी तय है। युवा मोर्चे के सभी पूर्व अध्यक्ष को भी बुलाए जाने की योजना है। समापन अवसर पर अमित शाह के सामने परेड कार्यक्रम के आयोजन की भी सूचना है।
पूनम महाजन के मुताबिक यह महाधिवेशन पूरी तरह डिजिटल यानी पेपरलेस होगा। गेस्ट से लेकर सभी भागीदारों को क्यूआर कोड के जरिये जोड़ा जाएगा। उनको कार्यक्रम की हर जानकारी से लेकर उनके ठहरने तक की जानकारी डिजिटल माध्यम से ही मुहैया कराई जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर नमो जोन में लोगों को बताएंगे कि वे पीएम से कैसे जुड़ें। पहली बार दक्षिण भारत में अधिवेशन हो रहा है। पूरे कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब और इंस्टाग्राम के जरिये किया जाएगा।