Bharat Jodo yatra- Rahul Gandhi in Punjab
- फोटो : Agency
पंजाब में टूटेगा जनसमर्थन का रिकॉर्ड!
पन्नू कहते हैं कि कांग्रेस के प्रमुख नेता नवजोत सिंह सिद्धू इस वक्त जेल में हैं। जबकि कई कांग्रेसी नेता खुलेआम आपसी विरोध में दिल्ली दरबार तक अपनी फरियाद लेकर पहुंच चुके हैं। वह कहते हैं कि वैसे तो राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भीड़ भी ठीक हो रही है और लोग भी जुड़ रहे हैं। लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये उठता है कि क्या पंजाब में राहुल गांधी की इस यात्रा में जुटने वाली भीड़ सही मायने में पार्टी का जनाधार मजबूत कर पाएगी या नहीं। इसे लेकर अभी संशय बना हुआ है। राजनीतिक विश्लेषक तरुण पाल कहते हैं कि राहुल की भारत जोड़ो यात्रा हाल के दिनों में जिन राज्यों से गुजर कर आई है उसमें उत्तर प्रदेश को छोड़ दिया जाए, तो ज्यादातर उन्हीं राज्यों से निकली है जहां पर कांग्रेस के भीतर जबरदस्त मनमुटाव चल रहा है। इस मनमुटाव का असर भारत जोड़ो यात्रा पर बिल्कुल नहीं पड़ा। इसे लेकर पंजाब कांग्रेस पार्टी से जुड़े एक वरिष्ठ नेता कहते हैं कि पंजाब में किसी भी तरीके के मनमुटाव और नेताओं के यहां रहने या न रहने का कोई भी असर नहीं पड़ने वाला। उनका कहना है कि आठ दिनों तक पंजाब से गुजरने वाली राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में पिछले सभी राज्यों में मिले जनसमर्थन का रिकॉर्ड पंजाब में टूटेगा।
यात्रा सफल बनाने के लिए सभी नेता एक मंच पर जुटे
वहीं सियासी गलियारों में चर्चा इस बात की भी हो रही है कि जिस तरीके से हरियाणा में तमाम राजनीतिक उठापटक के बीच यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी नेता एक मंच पर जुट गए, तो क्या पंजाब में भी ऐसा ही होने वाला है। इसे लेकर पंजाब कांग्रेस कमेटी के एक वरिष्ठ नेता कहते हैं कि यहां पर एकजुटता की कमी तो तब होगी, जब कहीं कोई विवाद होगा। जो नेता विवादित थे पहले ही पार्टी से निकल चुके हैं। बाकी जो संगठन है मजबूती से अपने नेता की भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने में लगा हुआ है।
वहीं पंजाब में सियासी पैतरेबाजी भी उसी तरीके से चल रही है जैसी राजस्थान और हरियाणा में है। ऐसे में तमाम अंदरूनी विरोध के बाद क्या पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा को राजस्थान, हरियाणा की तरह ही सफल बनाया जा सकेगा या नहीं। पंजाब कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता कहते हैं कि कितने भी अंदरूनी मसले या आपसी गतिरोध हों, लेकिन बात जब पार्टी और नेता के इतने बड़े संकल्प को सफल बनाने की है, तो सभी लोग एकजुट हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पंजाब में सबसे सफल यात्रा के तौर पर देखी जाएगी।