भारत ब़ायोटेक कंपनी पुणे में जल्द ही कोवाक्सीन का प्लांट लगाएगी। यह जानकारी राज्य के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने दी है। उन्होंने कहा कि प्लांट लगाने के लिए पुणे के जिलाधिकारी को जमीन मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुणे में भारत बायोटेक का प्लांट लगने से जल्द ही यहां कोवाक्सीन का उत्पादन शुरू हो जाएगा।
उपमुख्यमंत्री पवार ने कहा कि राज्य में संभावित कोरोना की तीसरी लहर के मद्देनजर टीकाकरण मुहिम को गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि सूबे के सभी नागरिकों को जल्द से जल्द टीके की खुराक मिले। इसलिए जिलाधिकारी को तुरंत जमीन मुहैया कराने का निर्देश दिया गया है।