फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bharat Bandh Today LIVE Updates: पेट्रोल-जीएसटी की कीमतों के विरोध में व्यापारियों का भारत बंद

Fri, 26 Feb 2021 03:37 PM IST
स्नेहा बलूनी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

व्यापारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) की ओर से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के प्रावधानों की समीक्षा की मांग, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों सहित कई मुद्दों को लेकर आज भारत बंद बुलाया है। देश के कई व्यापारी संगठन, ट्रांसपोर्टर्स को इस बंद का समर्थन प्राप्त है। बंद सुबह छह बजे से रात के आठ बजे तक जारी रहेगा। ऑल इंडिया ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन (एआईटीडब्ल्यूए) और संयुक्त किसान मोर्चा ने बंद को अपना समर्थन दिया है। दिल्ली में इस बंद का कोई असर नहीं दिख रहा है जबकि देशभर में इसका मिला-जुला असर नजर आ रहा है। वहीं कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने केरल में ईंधन की बढ़ी कीमतों के विरोध में रस्सी से ऑटो रिक्शा खींचा। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए एक स्कूटी को आग के हवाले कर दिया। यहां पढ़ें इससे जुड़े सभी अपडेट्स-
विज्ञापन
ऑटो रिक्शा को रस्सी से खींचते शशि थरूर - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:34 PM, 26-Feb-2021

जीएसटी सरल करने की मांग

ईंधन की बढ़ती कीमतों और जीएसटी के प्रावधानों के विरोध में सीएआईटी की ओर से बुलाए गए भारत बंद का असर देश के कई हिस्सों में देखने को मिला। पश्चिम बंगाल, दिल्ली और असम में भी इसका प्रभाव देखने को मिला। इस दौरान व्यापारी जीएसटी सरल करने की मांग करते हुए 'व्यापार बंदी हमारा कर्म नहीं हमारी मजबूरी है' जैसे नारे लिखी तख्तियां लिए नजर आए।

02:22 PM, 26-Feb-2021

जीएसटी में जोड़ी गई धाराएं ट्रांसपोर्टर और ट्रक मालिकों के लिए घातक हैं

जयपुर ट्रक एसोसिएशन के गोपाल सिंह राठौर ने कहा, 'डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतें और जीएसटी में जोड़ी गई धाराएं ट्रांसपोर्टर और ट्रक मालिकों के लिए बहुत घातक हैं। मोदी जी ने वन नेशन वन टैक्स का नारा दिया था हमारी मांग है कि इसको भी जीएसटी में शामिल किया जाए। राज्य सरकार ने भी वैट बढ़ा रखा है।'

02:04 PM, 26-Feb-2021

मांग बढ़ने के कारण ज्यादा है कीमत

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, 'अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम मूल्य में वृद्धि ने उपभोक्ताओं को प्रभावित किया है। सर्दियों के जाते ही कीमतों में थोड़ी कमी आ जाएगी। यह एक अंतरराष्ट्रीय मामला है, मांग बढ़ने के कारण कीमत ज्यादा है, ऐसा सर्दियों में होता है। कुछ दिनों में कीमतें घटेंगी।' 
 
 

विज्ञापन
01:50 PM, 26-Feb-2021

बंद है ट्रकों का परिचालन

राजस्थान के जयपुर में अखिल भारतीय व्यापारी महासंघ (सीएआईटी) के भारत बंद के आह्वान पर ट्रकों का परिचालन बंद है।
 
 

01:25 PM, 26-Feb-2021

बंद रहेंगे सभी प्रमुख बाजार

सीआईएटी ने अन्य राज्यों में बंद के प्रभाव पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सभी प्रमुख बाजार- महाराष्ट्र, गुजरात और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में बंद रहेंगे। वहीं दक्षिण भारत में इसका 70 से 80 और उत्तर पूर्व में 80 प्रतिशत से अधिक प्रभाव होने की उम्मीद है।

विज्ञापन
01:15 PM, 26-Feb-2021

दिल्ली में दो बजे के बाद बंद हो सकते हैं बाजार

व्यापारियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि विभिन्न राज्यों में 'भारत व्यापार बंद' को मिश्रित प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बाजार दोपहर 2 बजे के बाद बंद हो जाएंगे।
 

01:08 PM, 26-Feb-2021

इन्होंने दिया है बंद को समर्थन

कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) ने कहा है कि आठ करोड़ व्यापारी, एक करोड़ ट्रांसपोर्टर और लाखों टैक्स प्रोफेशनल बंद के समर्थन में हैं। सीएआईटी के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने कहा है कि बंद में महिला उद्यमी समेत छोटे उद्योग और फेरीवाले भी शामिल हैं।

01:03 PM, 26-Feb-2021

शशि थरूर ने रस्सी से खींचा ऑटो रिक्शा

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर अपना विरोध जताते हुए ऑटो रिक्शा चालकों के साथ रस्सी से ऑटो खींचा। उन्होंने कहा, 'जहां अमेरिका में लोग पेट्रोल पर 20 प्रतिशत टैक्स दे रहे हैं, वहीं हम 260 प्रतिशत टैक्स दे रहे हैं।'
 
 

12:47 PM, 26-Feb-2021

शशि थरूर ने किया प्रदर्शन

केरल में तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने केरल सचिवालय के बाहर ईंधन की बढ़ी कीमतों में वृद्धि के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

12:28 PM, 26-Feb-2021

तेजस्वी यादव ने किया प्रदर्शन

बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने अपने आवास से पटना के सचिवालय तक साइकिल यात्रा की। वे ईंधन की बढ़ती कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने का मकसद किसानों को तंग करना है। बिहार सरकार ने भी टैक्स बढ़ा दिया है। सीएम के पास कोई जवाब नहीं रहता है।'
 
 

12:23 PM, 26-Feb-2021

शिवसेना ने स्कूटी में लगाई आग

शिवसेना के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जम्मू-कश्मीर में स्कूटी पर आग लगा दी। पार्टी ईंधन की बढ़ी हुई कीमतों का विरोध कर रही है।
 
 

11:58 AM, 26-Feb-2021

भारत व्यापार बंद को लेकर व्यापारी संगठन बंटे

माल एवं सेवा कर (जीएसटी) तथा ई-कॉमर्स के मुद्दे पर शुक्रवार के ‘भारत व्यापार बंद’ को लेकर व्यापारी संगठन बंटे दिखाई दे रहे हैं। व्यापारियों के संगठन कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने राष्ट्रव्यापी बंद का आह्वान किया है। वहीं कुछ अन्य व्यापारी संगठनों ने कहा कि वे बंद का समर्थन नहीं कर रहे हैं।

11:20 AM, 26-Feb-2021

संयुक्त किसान मोर्चा ने की बंद को समर्थन देने की अपील

दिल्ली की सीमाओं पर नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने गुरुवार को किसानों से 26 फरवरी को परिवहन एवं श्रमिक संघों द्वारा बुलाए गए भारत बंद में शांतिपूर्ण तरीके से भाग लेने की अपील की।

10:56 AM, 26-Feb-2021

दिल्ली में नहीं दिखा बंद का असर

व्यापारियों के बुलाए गए भारत बंद का दिल्ली में कोई असर नहीं दिख रहा है। दिल्ली के कई बड़े बाजार शुक्रवार सुबह भी सामान्य तरीके से खुले। ऐसे में राजधानी में बंद का कोई असर नहीं दिखा है। वहीं खान मार्केट, लाजपत नगर, करोल बाग, चांदनी चौक सहित अन्य कई मार्केट्स ने बंद का विरोध किया और न होने का फैसला किया।

10:46 AM, 26-Feb-2021

जीएसटी पोर्टल में लगातार आ रही है तकनीकी गड़बड़ी

कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के बयान में कहा गया है कि पिछले चार साल में जीएसटी में करीब 950 संशोधन हो चुके हैं। जीएसटी पोर्टल में लगातार तकनीकी गड़बड़ी और अनुपालन दबाव इस सिस्टम की खामियों में शामिल हैं। जीएसटी सिस्टम की सफलता के लिए स्वैच्छिक अनुपालन सबसे अहम है, क्योंकि इससे अधिक-से-अधिक लोग अप्रत्यक्ष कर प्रणाली से जुड़ेंगे। इससे टैक्स बेस बढ़ेगा और रेवेन्यू में इजाफा होगा।

10:34 AM, 26-Feb-2021

पश्चिम बंगाल में दिखा भारत बंद का असर

ईंधन की कीमतों में वृद्धि और नए ई-वे बिल और जीएसटी के विरोध में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) ने भारत बंद का आह्वान किया है। पश्चिम बंगाल के बीरभूम का दृश्य।
 
 

09:58 AM, 26-Feb-2021

40,000 से ज्यादा ट्रेडर्स एसोसिएशन करेंगे बंद का समर्थन

सीएआईटी की ओर से जारी बयान कर कहा गया कि देशभर के सभी वाणिज्यिक बाजार बंद रहेंगे और सभी राज्यों के विभिन्न शहरों में धरना दिया जाएगा। देशभर के 40,000 से ज्यादा ट्रेडर्स एसोसिएशन इस बंद का समर्थन करेंगे। 

09:50 AM, 26-Feb-2021

एआईटीडब्ल्यूए ने की ई-वे बिल को समाप्त करने की मांग

ऑल इंडिया ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र आर्य ने कहा कि सीएआईटी को समर्थन देने के लिए एसोसिएशन चक्का जाम करेगा। एआईटीडब्ल्यूए ई-वे बिल को समाप्त करने की मांग करता है। उन्होंने कहा कि देश में लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल की कीमतों से परिवहन उद्योग को परेशानियां हो रहीं हैं। केंद्र सरकार को ईंधन की कीमतों को कम करना चाहिए।

09:44 AM, 26-Feb-2021

1500 जगहों पर देंगे धरना

कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) ने कहा कि जीएसटी के हालिया प्रावधानों के खिलाफ देशभर में 1,500 स्थान पर धरना-प्रदर्शन होंगे। संगठन ने जीएसटी सिस्टम की समीक्षा और टैक्स स्लैब को और सरल करने और कारोबारियों के नियमों के अनुपालन के लिए इसे और तार्किक बनाने का आह्वान किया है।
 

09:27 AM, 26-Feb-2021

भुवनेश्वर में लगभग खाली हैं सड़कें

ईंधन की कीमतों में वृद्धि और नए ई-वे बिल और जीएसटी के विरोध में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) ने भारत बंद का आह्वान किया है। ओडिशा के भुवनेश्वर का दृश्य।
 
 

09:22 AM, 26-Feb-2021

ईंधन के बढ़ते दाम और ई-वे बिल को लेकर होगा चक्का जाम

ऑल इंडिया ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से कहा गया कि सीएआईटी के समर्थन, ईंधन के बढ़ते दाम और ई-वे बिल को लेकर वे भी चक्का जाम करेंगे। बता दें कि सीएआईटी के नेतृत्व में आगामी 26 फरवरी को जीएसटी के बेतुके एवं तर्कहीन प्रावधानों को वापस लेने तथा ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर भारत को बंद करने का एलान किया गया है।

09:14 AM, 26-Feb-2021

1500 जगहों पर देंगे धरना

सीएआईटी ने कहा कि जीएसटी के हालिया प्रावधानों के खिलाफ देशभर में 1,500 स्थान पर धरना-प्रदर्शन होंगे। संगठन ने जीएसटी सिस्टम की समीक्षा और टैक्स स्लैब को और सरल करने और कारोबारियों के नियमों के अनुपालन के लिए इसे और तार्किक बनाने का आह्वान किया है।
 

08:47 AM, 26-Feb-2021

पेट्रोल-जीएसटी की कीमतों के विरोध में व्यापारियों का भारत बंद, शशि थरूर ने रस्सी से खींचा ऑटो

यहां दिखेगा बंद का असर
ऑल इंडिया ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने बंद के दौरान सभी ट्रांसपोर्ट को बंद रखने की अपील की है। एसोसिएशन ने पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों को लेकर बंद का आह्वान किया है। देशभर के करीब 40 हजार व्यापारी संगठनों ने बंद बुलाया है। इस दौरान एसोसिएशन से जुड़े सभी बाजार बंद रहेंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें