भंडारा अस्पताल आग हादसे को लेकर महाराष्ट्र डीजीपी ने बताया कि अस्पताल में आग लगने के मामले में दो नर्सों पर आपराधिक लापरवाही के लिए एफआईआर दर्ज की गई है।
आपको बता दें कि महाराष्ट्र के भंडारा में नौ जनवरी को देर रात दर्दनाक हादसा हुआ। रात दो बजे भंडारा के जिला अस्पताल के बीमार नवजात देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में आग लगने से दस शिशुओं की मौत हो गई। यूनिट से सात शिशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के मुताबिक वार्ड में मौजूद शिशुओं का शरीर काला पड़ गया था यानि कि कमरे में काला धुआं काफी लंबे समय तक था। इस हादसे से अस्पताल की लापरवाही को लेकर कई सवाल खड़े किए जा रहे हैं। पहला ये कि जब बच्चों के कमरे का दरवाजा खोला गया तो वहां कोई स्टाफ नहीं था।
काले पड़ गए थे बच्चों के शरीर
घटनास्थल पर मौजूद एक अन्य सिक्योरिटी गार्ड ने बताया था कि कमरे में चारों ओर धुआं ही धुआं फैला था। कई बच्चों के शरीर काले पड़ गए थे। दो इन्क्यूबेटर में से आग निकल रही थी। उसमें रखे बच्चे बुरी तरह से झुलस चुके थे। पूरा दृश्य दिल दहला देने वाला था।