Maharashtra: महाराष्ट्र के भंडारा-गोंदिया के सांसद प्रशांत पड़ोले की एसयूवी नागपुर में सीएनजी से भरे ट्रक से टकरा गई, जिसमें वह बाल-बाल बचे। दुर्घटना में गाड़ी का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ और वाहन में सवार कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं। पढ़िए रिपोर्ट-
महाराष्ट्र के भंडारा-गोंदिया के सांसद प्रशांत पड़ोले बाल-बाल बच गए, जब उनकी एसयूवी सोमवार को सीएनजी से भरे एक ट्रक से टकरा गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
वाडोडा थाना अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह साढ़े पांच बजे भंडार रोड पर हल्दीराम फैक्टरी के पास हुई। उन्होंने बताया, कांग्रेस सांसद की टोयोटा फॉर्च्यूनर ने पीछे से सीएनजी से भरे ट्रक को टक्कर मार दी। ट्रक बाईं लेन में जाने की कोशिश कर रहा था। तभी एसयूवी ने उसे टक्कर मार दी। पड़ोले नागपुर हवाई अड्डे की ओर जा रहे थे, ताकि संसद सत्र में जा सकें।
ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
उन्होंने कहा, फॉर्च्यूनर का सामने का हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त हो गया। एसयूवी चालक राहुल गिरहेपुंजे, निजी सहायक देवेंद्र शाहारे और गनमैन आकाश खडसे को मामूली चोटें आईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल म्हासके ने बताया कि ट्रक चालक विक्रम बहादुर सिंह मौके से फरार हो गया था, उसे यवतमाल से पकड़ लिया गया। म्हास्के ने बताया कि सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और मोहर वाहन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।