आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना की लड़ाई में राज्यों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। आज जब देश कोरोना के सबसे गंभीर हालात से गुजर रहा है तब केंद्र सरकार के पास पूरे देश को एक साथ लेकर चलने का कोई मॉडल नहीं है। वह यह नहीं समझ पा रही है कि इस दौर में कोरोना के साथ लड़ाई किस तरह से लड़ी जानी चाहिए। यही कारण है कि उसने राज्यों को अपने हालत पर छोड़ दिया है।
राज्यों के पास पैसा कहां से आएगा?
मान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार को वैक्सीन केवल 150 रूपये में मिल रही है, लेकिन इसके बाद भी वह इसे 400 रूपये में राज्यों को उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को बताना चाहिए कि राज्यों के पास इतना पैसा कहां से आएगा और वे अपनी पूरी आबादी को टीका कैसे लगवाएंगे। देश की जनता के सामने यह सच सामने आना चाहिए कि केंद्र सरकार पूरे देश को यह टीका मुफ्त क्यों नहीं उपलब्ध करवा रही है?
भाजपा नेता चुनाव में व्यस्त
भगवंत मान ने कहा कि देश कोरोना के इतने गंभीर हालात से गुजर रहा है, लेकिन भाजपा के नेता इस समय में भी चुनाव में व्यस्त हैं। भाजपा नेता अमित शाह इस संकटपूर्ण समय में भी पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उनके कार्यक्रमों में भारी भीड़ जुट रही है, जिसके कारण कोरोना संक्रमण फैल रहा है। इस संक्रमण के कारण जिन लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा, उनके नुकसान की जिम्मेदारी सीधे तौर पर भाजपा और उसके नेताओं की बनती है।