पंजाब सरकार पर आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान के साथ-साथ पार्टी के प्रवक्ता राघव चड्ढा ने भी गुरुवार को जमकर हमला बोला। दोनों ही नेताओं ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से इस्तीफे की मांग की है।
आम आदमी पार्टी नेता भगवंत मान ने कहा है कि इस समय पंजाब में सरकार आम लोगों की भलाई का कोई काम नहीं कर रही है। वह केवल अपने को ही बचाने में लगी हुई है क्योंकि उसके अपने लोग भी अब उसके ऊपर भरोसा नहीं कर रहे हैं। आप नेता ने कहा कि ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है जो अपने ही मंत्रियों का भी भरोसा खो चुकी है। ऐसे में पंजाब सरकार को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।
विज्ञापन
भगवंत मान ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अब केवल अपने आप को बचाए रखने की अंतिम लड़ाई लड़ रही है। पंजाब सरकार की इसी आपसी कलह की कीमत पंजाब की जनता ने पिछले पांच साल से चुकाई है। अब उसे और अधिक परेशान नहीं किया जाना चाहिए और तत्काल कैप्टन सरकार भंग कर राज्य में चुनाव कराने चाहिए।
वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी नेता राघव चढ्ढा ने कहा कि पंजाब सरकार की कैबिनेट की मीटिंग हुई। इस बैठक में 32 मुद्दों पर चर्चा की गई। लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि इन 32 मुद्दों में से केवल 2 मुद्दों पर ही सभी मंत्रियों में सहमति बन पाई। बाकी सभी प्रस्ताव रद्द कर दिए गए। चड्ढा ने कहा कि जो सरकार अपने प्रस्ताव पास कराने के लिए अपने ही मंत्रियों का भरोसा नहीं जीत पाती है, उसे सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने भी कहा कि मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को तत्काल अपना इस्तीफा सौंप देना चाहिए।