कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू की 57 वर्षीय सेवानिवृत्त महिला को ठगों ने साधु गुरु जग्गी वासुदेव का एआई तकनीक से बनाया गया फर्जी वीडियो दिखाकर 3.75 करोड़ रुपये की चपत लगा दी। पुलिस के मुताबिक, सी वी रमण नगर की रहने वाली महिला यूट्यूब देख रही थीं, तभी उन्हें साधु गुरु का एक वीडियो दिखा। वीडियो में दावा किया गया कि वह एक खास ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए पैसा बढ़ा रहे हैं। वीडियो के नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करने पर महिला से नाम, ईमेल और फोन नंबर डालने को कहा गया, साथ ही 250 अमेरिकी डॉलर (करीब 21,000 रुपये) जमा करने पर वित्तीय लाभ का वादा किया गया।
यह भी पढ़ें -
Kerala High Court: ग्लोबल अयप्पा संगमम को केरल हाईकोर्ट से हरी झंडी, 20 सितंबर को पम्पा में होगा आयोजन
ठगों ने ट्रेडिंग सिखाने के नाम पर किया स्कैम
जानकारी के मुताबिक, लिंक पर क्लिक करने के बाद महिला से एक व्यक्ति, वलीद बी, ने संपर्क किया। उसने उन्हें 'मिरॉक्स' नाम का एप डाउनलोड करने को कहा और जूम कॉल पर ट्रेडिंग के तरीके सिखाए। वलीद की गैरमौजूदगी में माइकल सी नाम का व्यक्ति यह काम करता था। 25 फरवरी से 23 अप्रैल के बीच महिला ने इस प्लेटफॉर्म पर कुल 3,75,72,121 रुपये जमा कर दिए। जब उन्होंने मुनाफा निकालने की कोशिश की, तो पता चला कि उन्हें ठगा गया है।
पीड़िता ने पांच महीने बाद दर्ज कराई शिकायत
महिला ने लगभग पांच महीने बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 9 सितंबर को आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ठगों की तरफ से भेजे गए बैंक खातों को फ्रीज करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इतनी बड़ी रकम की रिकवरी करना मुश्किल होगा।
यह भी पढ़ें -
ED: सहकारी बैंक अध्यक्ष और निदेशकों ने हड़पे ग्राहकों के पैसे, न ब्याज दिया न मूलधन लौटाया; मनमर्जी से दिए लोन
ऑनलाइन निवेश या ऑफर को लेकर पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन निवेश या ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी तरह जांच करें और एआई से बने डीपफेक वीडियो से सावधान रहें।