कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि कैब सर्विस चालक के साथ साथ उस यात्री का भी प्रताड़ित किया जा रहा है, जिसने कैब सर्विस से मोटरसाइकिल को बुक किया था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक यूजर थॉमस सिम्टे ने अपने साथ हुई इस घटना का वीडियो साझा किया है। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ स्थानीय ऑटो-रिक्शा चालकों द्वारा थॉमस सिम्टे को प्रताड़ित किया जा रहा है। ऑटो-रिक्शा चालकों द्वारा थॉमस का बैग खींचा जा रहा है और यात्रा रद्द करने के लिए कहा जा रहा है। थॉमस सिम्टे का कहना है कि यह घटना इंदिरानगर मेट्रो स्टेशन के पास की है। वीडियो में थॉमस सिम्टे बार बार कह रहे हैं, ‘आप इस व्यक्ति को क्यों परेशान कर रहे हैं? मुझे जाने दीजिए। अगर लोगों को कैब सर्विस की सवारी करनी है, तो वे कैब सर्विस को बुक करेंगे। अगर किसी को ऑटो से जाने की इच्छा है, तो वे ऑटो की सवारी करेंगे। अगर आप पुलिस स्टेशन जाना चाहते हैं, तो वह यहीं मौजूद है।’
थॉमस सिम्टे ने एक्स पर साझा किया वीडियो
एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए थॉमस सिम्टे ने लिखा, ‘अगर हम रिक्शा लेने के बजाय कैब सर्विस की मोटरसाइकिल या ऑटो लेते हैं, तो हमें परेशान किया जाता है। इंदिरानगर मेट्रो स्टेशन में ऐसा मेरा साथ हुआ है। वीडियो में दिख रहा है कि कैब सर्विस बाइक चालक और यात्री को अपशब्द कहे जा रहे हैं। इसके साथ ही धमकियां भी दीं जा रहीं हैं। स्थानीय ऑटो-रिक्शा चालक बार बार सिम्टे पर दबाव डाल रहे हैं कि यात्रा को रद्द करें। इसके अलावा एक अन्य रिक्शा चालक ने थॉमस सिम्टे पर थप्पड़ मारने की भी कोशिश की। एक व्यक्ति के द्वारा कैमरा पटक दिए जाने के बाद वीडियो समाप्त हो जाता है। थॉमस सिम्टे ने आगे कहा, ‘मैं अतिशयोक्ति नहीं कह रहा हूं कि ऐसा कैब सर्विस चालकों के साथ आए दिन हो रहा है। उसने पीछे से मेरा बैग खींचकर मुझे मोटरसाइकिल से उतारा। मैं चाहता हूं कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, जो कैब सर्विसके चालकों और यात्रियों को प्रताड़ित करते हैं।’
पुलिस ने दी प्रतिक्रिया
जब सोशल मीडिया पर यह पोस्ट वायरल होने लगी तो पुलिस को भी प्रतिक्रिया देनी पड़ी। बंगलूरू शहर की पुलिस का कहना है, ‘ऐसी किसी भी स्थिति में हमारे साथ अपना नंबर साझा करें। साथ ही 112 हेलपलाइन नंबर पर फोन करें।’
कैब सर्विस कंपनी ने क्या कहा?
उधर, एक्स पर कैब सर्विस के आधिकारिक अकाउंट से भी एक पोस्ट साझा की गई है। पोस्ट में लिखा है, ‘यह सोचनीय स्थिति है। थॉमस के साथ किया गया ऐसा व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।’ इसके साथ ही कैब सर्विस ने थॉमस को अपना फोन नंबर साझा करने के लिए कहा गया है। कैब सर्विस का कहना है कि उनकी सुरक्षा टीम जल्द ही थॉमस से बातचीत करेगी।
सोशल मीडिया पर मामले ने पकड़ा तूल
सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर काफी चर्चाएं हो रहीं हैं। एक यूजर ने लिखा है, ‘साक्ष्य के रूप में यह वीडियो मौजूद है, वीडियो में बदमाशों के चेहरे भी साफ नजर आ रहे हैं। अगर पुलिस को कार्रवाई करनी है तो उन्हें आधिकारिक शिकायत का इंतजार नहीं करना चाहिए। पुलिस को इन बदमाशों का पता कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘पुलिस ऐसे जता रही है, जैसे उन्हें कुछ पता ही नहीं। ऐसे ऑटो चालकों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जरूरत है।’