बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस अब भारी भीड़ और जाम की समस्या से निजात के लिए ड्रोन कैंमरों का इस्तेमाल करेगी। ये ड्रोन शहर भर में आठ प्रमुख जगहों पर यातायात की निगरानी करेंगे। इनमें हेब्बल, सेंट्रल सिल्क बोर्ड, इब्बलूर मराठाहल्ली, केआर पुरम, गोरगुंटेपल्या, सरक्की और बनशंकरी बस स्टैंड पर तैनात किए जाएंगे।
इस प्रायोगिक पहल के तहत बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस (बीटीपी) ने सोमवार को हेब्बल जंक्शन पर ड्रोन निगरानी का परीक्षण किया था। वहीं, आज यानी मंगलवार को मराठाहल्ली जंक्शन पर ड्रोन कैमरों का परीक्षण किया गया। वर्तमान में, ट्रैफिक पुलिस के पास जंक्शनों पर ट्रैफिक घनत्व की निगरानी के लिए दो ड्रोन कैमरे हैं। यातायात का संचालन सुचारू रूप से हो इसकी जांच के लिए वे उनका उपयोग कर रहे हैं।
कहा जा रहा है कि ड्रोन कैमरे के यातायात का एक हवाई परिप्रेक्ष्य प्रदान करेंगे। प्रमुख स्थानों पर भीड़ के बारे में भी इससे जानकारी मिलेगी। ट्रैफिक पुलिस शहर के आठ अत्यधिक भीड़भाड़ वाले जंक्शनों पर ड्रोन कैमरों का परीक्षण करना चाहती है ताकि वाहनों की आवाजाही पर नजर रखी जा सके और जहां जरूरत हो वहां भीड़ को कम करने के लिए आवश्यक उपाय लागू किए जा सकें।