सूचना ने भले ही पति को मैसेज करके बेटे से मिलने के लिए कहा था, लेकिन वह उसे मिलने नहीं देना चाहती थी। अपनी इसी योजना के मुताबिक, गोवा में उसने बुकिंग 6 जनवरी से 10 जनवरी तक के लिए कर रखी थी।
स्टार्टअप कंपनी माइंडफुल एआई की सीईओ सूचना सेठ द्वारा अपने चार साल के बेटे की हत्या करने के मामले में कई नए खुलासे हो रहे हैं। अभी तक मिले तथ्यों और सबूतों को देखकर पुलिस यह कह रही है कि उसने पहले से ही हत्या की साजिश बना रखी थी। इस बीच, सामने आया है कि सूचना ने गोवा आने से पहले अपने पति को मिलने के लिए मैसेज किया था। सूचना ने तलाक के बाद अलग रह रहे पति वेंकट से कहा था कि वह रविवार यानी सात जनवरी को अपने बेटे से मिल सकते हैं।
विज्ञापन
छह जनवरी को आ गई थी गोवा और पति को बुलाया सात तारीख को
हालांकि जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक, सूचना ने भले ही पति को मैसेज करके बेटे से मिलने के लिए कहा था, लेकिन वह उसे मिलने नहीं देना चाहती थी। अपनी इसी योजना के मुताबिक, गोवा में उसने बुकिंग 6 जनवरी से 10 जनवरी तक के लिए कर रखी थी।
पति करता रहा इंतजार लेकिन नहीं आई सूचना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूचना के मैसेज के बाद वेंकट ने मिलने के लिए वार्ता की। इतना ही नहीं वे उस जगह पर दो घंटो तक इंतजार करते रहे जहां सूचना ने मिलने के लिए कहा था। इस दौरान वेंकट ने सूचना को फोन किया और मैसेज भी किया, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह काम के लिए जकार्ता चला गया।
विज्ञापन
पूछताछ में सहयोग नहीं कर रही सूचना- डीजीपी गोवा
इस मामले में पुलिस हिरासत में बंद सूचना से लगातार पूछताछ की जा रही है। गोवा के डीजीपी जसपाल सिंह ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि मेडिकल जांच के साथ-साथ उसका मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन भी किया जाएगा। लेकिन वह जांच में सहयोग नहीं कर रही है। साथ ही उसे देखकर यह नहीं लगता कि बेटे की हत्या को लेकर उसे कोई पश्चाताप है।