बेंगलुरु के एक उबर कैब यात्री ने दावा किया है, उसने एप के जरिए जिस कैब की बुकिंग की थी, उसका ड्राइवर शराब के नशे में धुत था, जिसकी वजह से उसे गाड़ी चलाकर अपने घर तक पहुंचना पड़ा। यही नहीं, यात्री का ये भी कहना है कि बुकिंग के वक्त एप पर उसने जिस ड्राइवर की फोटो देखी थी वो इस ड्राइवर से बिल्कुल अलग था।
बेंगलुरु के रहने वाले सूर्या ओरुगंटी ने अपने ट्विटर अकाउंट के जरिए इसकी जानकारी दी। यह घटना 9 सितंबर की है। उसने बताया कि केम्पेगौडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उसने एक कैब की बुकिंग की थी। जब ड्राइवर कार लेकर वहां आया, तो वह एप पर दिखाए गए ड्राइवर से बिल्कुल अलग था और उसने शराब भी पी हुई थी। जिसके बाद उसने फैसला किया कि वह खुद कार को चलाएगा। उसने ड्राइवर का एक वीडियो भी अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है।
मामले में उबर के प्रवक्ता ने कहा कि यह एक चिंताजनक व अफसोसजनक घटना है। हालांकि हम इस बात का पूरा ध्यान रखते हैं कि गाड़ी का चालक वही व्यक्ति हो जो एप में दर्ज हो। जब कभी ऐसा नहीं होता तो हम यात्रियों को तुरंत यात्रा रद्द करने और मामले को रिपोर्ट करने को कहते हैं, ताकि इस पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। इस घटना के बाद ड्राइवर की प्रोफाइल को एप से हटा दिया गया है। हम यात्री और कानून की सहायता करने के लिए तैयार हैं।