पश्चिम बंगाल से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आ रहा है। जानकारी के मुताबिक, तीन किशोरों ने एक दोस्त का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। दरअसल, तीनों कथित तौर पर गेम खेलने के लिए कम्प्यूटर खरीदना चाहते थे। उन्होंने फिरौती के लिए अपने 14 वर्षीय दोस्त का अपहरण कर लिया, लेकिन उसे रसगुल्ला और कोल्ड ड्रिंक खिलाने के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के कृष्णानगर के घुरनी इलाके में हुई।
बोरे में बंधा शव तालाब से बरामद किया गया
बोरे में बंधा शव शनिवार को कृष्णानगर शहर के बाहरी इलाके हिजुली इलाके में एक तालाब से बरामद किया गया। पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया और रविवार को कृष्णानगर की एक कोर्ट में पेश किया।
तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी
मृतक घुरनी का रहने वाला था। वह आठवीं कक्षा में पढ़ता था। शुक्रवार दोपहर को कुछ सामान खरीदने के लिए पास की दुकान पर जाते समय वह लापता हो गया था। उसकी मां को शनिवार सुबह तीन लाख रुपये की फिरौती के लिए फोन आया। इसके उन्होंने कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी।
आरोपियों ने अपराध कबूला
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमने तीनों को पकड़ लिया। तीनों उसी स्कूल के 10वीं कक्षा के छात्र हैं, जिसमें मृतक पढ़ता था। सभी स्थानीय निवासी भी हैं। उन्होंने लड़के की हत्या करने और उसके शव को तालाब में फेंकने की बात कबूल कर ली है। हम हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
इस वजह से की हत्या
हालांकि, पुलिस को संदेह है कि तीनों को एहसास हुआ कि लड़के की मां फिरौती की रकम नहीं दे पाएगी, ऐसे में उन्होंने उसे इस डर से उसे मार डाला कि अगर उन्होंने उसे छोड़ा तो वे पकड़े जाएंगे। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक के पिता की काफी पहले मौत हो चुकी है और उसकी मां 'आया' के रूप में काम करती है। मां-बेटे अपने मामा के घर पर रहते थे।