पश्चिम बंगाल की सीएम व तृणमूल कांग्रेस के प्रमुख ममता बनर्जी ने आज कोलकाता में शहीद दिवस पर रैली में भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर प्रहार किए। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा हर जगह सरकार गिराने में जुटी हुई है। यही उसका काम रह गया है। ममता ने महंगाई और जीएसटी के मुद्दे पर भी केंद्र को आड़े हाथों लिया।
हजारों लोगों की रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने भाजपा का नाम लिए बगैर कहा कि पश्चिम बंगाल में उन्होंने हमें हराने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। यहां बारिश हो रही है और सड़कों पर पानी भर गया है लेकिन हमारे समर्थक यहां से नहीं हटे।
नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह सभी राज्य सरकारों को गिराने का प्रयास कर रही है और जनता 2024 के चुनाव में उसे केंद्र की सत्ता से बाहर कर देगी। बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस की रैली में रवींद्रनाथ टैगोर को उद्धृत करते हुए कहा, 'मन मस्तिष्क जहां निर्भय हो, गर्व से मस्तक ऊंचा हो'। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को हमारी भर्ती प्रक्रिया में खामियां नजर आती है लेकिन रेलवे, केंद्र सरकार के विभागों में हो रहीं भर्ती के बारे में कुछ क्यों नहीं कहा जाता। उन्होंने कहा कि आज रुपये की कीमत सबसे कम है और केंद्र ने मूडी पर भी जीएसटी लगा दिया है।
बंगाल की सीएम ने कहा कि अब मुरमुरे पर भी जीएसटी लगा दिया गया है, तो क्या बीजेपी के लोग अब इसे नहीं खाएंगे। मिठाई, लस्सी और दही पर जीएसटी लगा दिया। उन्होंने सवाल किया कि लोग क्या खाएंगे? मरीज के अस्पताल में भर्ती होने पर भी जीएसटी लगाया जाता है।
बंगाल में सत्तारूढ़ टीएमसी हर साल 21 जुलाई को शहीद दिवस रैली आयोजित करती है। आज की रैली में हजारों पार्टी समर्थक मौजूद थे। रैली में रसोई गैस की कीमतों वृद्धि और महंगाई को लेकर केंद्र पर जमकर निशाना साधा गया।
इस बीच, टीएमसी के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी पश्चिम बंगाल के बाहर अपने विस्तार की योजनाएं जारी रखेगी और 2024 के लोकसभा चुनावों में राज्य के बाहर भी सीटें जीतेगी।उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के एक वर्ग को भ्रष्टाचार के खिलाफ आगाह किया और कहा कि कोई भी पार्टी के अनुशासन से ऊपर नहीं है। उन्होंने कहा कि मुझे एक साल पहले पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया था और पश्चिम बंगाल के बाहर पार्टी के विस्तार का जिम्मा सौंपा गया था। मैं तब तक नहीं रुकूंगा जब तक कि देश की हर गली-नुक्कड़ में हमारी पार्टी के प्रतीक चिह्न नहीं खिलते। हम अगले लोकसभा चुनावों में राज्य के बाहर भी सीटें जीतेंगे।